ग्वालियरः अनाधिकृत रूप से संचालित दो क्लीनिक कराए गए बंद, निरीक्षण में मिलीं अनियमितताएँ

 


ग्वालियर, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में अनाधिकृत रूप से संचालित क्लीनिकों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की टीम ने मुरार बारादरी क्षेत्र में संचालित दो क्लीनिकों का निरीक्षण किया। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने और उपचार में अनियमितताएँ पाए जाने पर दोनों क्लीनिकों को बंद करा दिया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन जैन एवं फार्मासिस्ट प्रशांत सक्सेना की टीम ने बारादरी, मुरार स्थित धीरज गुर्जर द्वारा संचालित गुर्जर क्लीनिक का निरीक्षण किया। संचालक से क्लीनिक संचालन संबंधी आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे प्रस्तुत नहीं कर सके। निरीक्षण के दौरान संचालक की शैक्षणिक योग्यता बीएएमएस पाई गई, जबकि क्लीनिक में एलोपैथिक पद्धति से उपचार किया जा रहा था। मौके पर एलोपैथिक दवाइयाँ, आईवी बोतलें लगाने की व्यवस्था और पाँच पलंग पाए गए।

इसके अलावा जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी निर्धारित नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। इसी प्रकार टीम ने बारादरी, मुरार स्थित ए.के. विश्वास द्वारा संचालित चांदसी दवाखाने का भी निरीक्षण किया। यहां भी संचालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। संचालक की योग्यता बीईएमएस पाई गई तथा सीएमएचओ कार्यालय में पंजीयन संबंधी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं मिले। निरीक्षण में बवासीर, भगन्दर, फिशर एवं फिस्टुला का एलोपैथिक पद्धति से उपचार किए जाने के साथ एलोपैथिक दवाइयाँ भी मिलीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों संस्थानों में पाई गई अनियमितताओं को देखते हुए क्लीनिकों का संचालन बंद करा दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर