ग्वालियर: आज शहीद ज्योति यात्रा की शोभा यात्रा के साथ शुरू होगा दो दिनी वीरांगना बलिदान मेला

 




ग्वालियर, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की पुण्यतिथि (बलिदान दिवस) के अवसर हर साल की तरह इस बार भी दो दिवसीय वीरांगना बलिदान मेले का आयोजन किया जा रहा है। आज बुधवार शाम को शहीद ज्योति यात्रा की शोभा यात्रा के साथ इसकी शुरुआत होगी।

राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं बलिदान मेला के संस्थापक अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने बताया कि आज झाँसी के दुर्ग से प्रज्वलित शहीद ज्योति यात्रा साँय 6 बजे ग्वालियर पहुँचेगी, जिसे 6.30 बजे पड़ाव चौराहे से सजीव घुड़ सवार झांकियों के साथ समाधि तक लाया जाएगा और ज्योति को स्थापित किया जाएगा। इसके बाद साँय 7.15 बजे नगर निगम द्वारा लगाई गई रानी के मौलिक शास्त्रों की प्रदर्शनी तथा स्वराज संस्थान द्वारा प्रायोजित क्रांतिकारियों पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जायेगा। साँय 7.30 बजे से बलिदान मेला के प्रमुख मंच पर महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य में “ प्रताप की प्रतिज्ञा“ नाट्य का मंचन किया जायेगा व देश भक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

उन्होंने बताया कि अगले दिन गुरुवार, 18 जून को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के प्रख्यात कविगण शामिल हो रहे हैं। इसके साथ ही साँयकाल भारत विकास परिषद शाखा समर्पण, लघु उद्योग भारती व जेसीआई क्लब द्वारा एक दीप वीरांगना के नाम से एक हजार दीपक प्रज्वलित किए जाएगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर