ग्वालियरः ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन
- सेवा-संकल्प अभियान के तहत आयोजित प्रदर्शनी में उत्कृष्ट चित्रकलाएं की गईं प्रदर्शित
ग्वालियर, 26 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नाका चंद्रबदनी, झांसी रोड स्थित शासकीय डॉ. भीमराव अंबेडकर पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में शनिवार को सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और भारत के प्रति उनकी कल्पनाओं को चित्रों के माध्यम से आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया।
इससे पूर्व 22 सितंबर को महाविद्यालय में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के 56 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की 30 श्रेष्ठ चित्रकलाओं का चयन कर प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा भारत के विकास, समृद्धि, संस्कृति, पर्यावरण, शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी कल्पनाओं को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया। प्रदर्शनी का महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक अवलोकन किया और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।
प्रदर्शनी का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. सरला वर्मा, डॉ. बिंदु खरे, अमित धवन, दीपक भटनागर, विष्णु सोनी, ओम कुमारी सोनी सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी रवि मिश्रा उपस्थित रहे। सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान किया। साथ ही, ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने सपनों और अपेक्षाओं के भारत की तस्वीर को कला के माध्यम से प्रस्तुत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर