ग्वालियरः रिटायर्ड फौजी की गोली लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस
ग्वालियर, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम इलाके में गुरुवार रात एक रिटायर्ड फौजी की संदिग्ध हालत में गोली लगने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड फौजी रामस्वरूप भदौरिया (58) गुरुवार रात घर में अकेले थे। उनका परिवार गांव गया हुआ था। रात करीब 11 बजे गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे तो भदौरिया कमरे में घायल हालत में पड़े मिले। पड़ोसियों ने परिजनों को सूचना दी और उन्हें बिरला अस्पताल फिर जयारोग्य अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो मौके से उनकी लाइसेंसी राइफल और शराब का क्वार्टर मिला। पुलिस जांच में सामने आया है कि गोली उनके सीने में लगी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या मान रही है। महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए लगाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर