ग्वालियरः स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियाँ लगभग पूर्ण, कार्यक्रमों की हुई फायनल रिहर्सल

 


- स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य समारोह में विधानसभा अध्यक्ष तोमर करेंगे ध्वजारोहण

ग्वालियर, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में गौरवशाली भारतवर्ष का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाया जायेगा। जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को कम्पू स्थित एसएएफ मैदान पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। समारोह में मुख्य अतिथि तोमर प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे। मुख्य समारोह की तैयारियां लगभग पूर्ण हो गई हैं।

मुख्य समारोह में आयोजित होने वाली संयुक्त परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित सभी कार्यक्रमों की गुरुवार को एसएएफ मैदान पर फुल ड्रेस एवं फायनल रिहर्सल की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद व अनिल बनवारिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर एवं एसडीएम अतुल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। एसएएफ मैदान पर गुरुवार को सभी कार्यक्रमों की निर्धारित समय व शेड्यूल के अनुसार रिहर्सल कराई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के संदेश का होगा सीधा प्रसारण

स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को भोपाल में आयोजित होने जा रहे राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रातः 9:25 से 9:55 बजे संदेश वाचन किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण एसएएफ ग्वालियर में आयोजित होने जा रहे जिले के मुख्य समारोह में भी होगा। इसके बाद ग्वालियर के समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष तोमर ग्वालियर जिले के संक्षिप्त संदेश का वाचन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संदेश सुनने के लिये एसएएफ मैदान पर बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर