ग्वालियरः संजीवनी बनकर आई पीएमश्री एयर एम्बुलेंस, गंभीर मरीज को पहुँचाया एम्स
- सिर की गंभीर चोट और चारों अंगों में कमजोरी से जूझ रहे मरीज को एयर लिफ्ट कर एम्स में कराया भर्ती
ग्वालियर, 22 जुलाई (हि.स.)। नाजुक क्षणों में मध्य प्रदेश सरकार की पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा संजीवनी बनकर मदद के लिये आगे आ रही है। दतिया जिले के 42 वर्षीय राकेश कुमार वंशकार सिर की गंभीर चोट और क्वाड्रिपेरेसिस (चारों अंगों में कमजोरी) की गंभीर स्थिति से जूझ रहे हैं। उनको इस सेवा की मदद से समय रहते ग्वालियर विमानतल से एयर एम्बूलेंस के जरिए एम्स भोपाल पहुँचाया गया। जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा वंशकार का उपचार किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि दतिया जिले के निवासी मरीज वंशकार को ग्वालियर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर स्थिति को स्थिर किया। लेकिन मरीज की गंभीरता को देखते हुए यह स्पष्ट हो गया कि उन्हें अब सुपर स्पेशियलिटी स्तर के इलाज की आवश्यकता है। ऐसे में परिजनों और चिकित्सकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी समय पर, सुरक्षित और तेज गति से मरीज को उच्च चिकित्सा संस्थान तक पहुंचाना।
मरीज की नाजुक स्थिति की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग तुरंत सक्रिय हो गया। पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के तहत आवश्यक शासकीय एवं विभागीय अनुमतियां तेजी से हासिल की गईं। इसके बाद मरीज को 108 एम्बुलेंस की एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट सुविधा के साथ पूरी सतर्कता के साथ राजमाता विजयाराजे सिंधिया ग्वालियर विमानतल तक पहुंचाया गया। निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करते हुए मरीज को बुधवार प्रातः 9:30 बजे ग्वालियर विमानतल से एयर एम्बुलेंस से एम्स, भोपाल के लिए रवाना किया गया। कुछ ही समय की उड़ान के बाद मरीज को सुरक्षित रूप से एम्स भोपाल में भर्ती करा दिया गया, जहां अब विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी देखरेख में जुटी है।
इस पूरे अभियान की सफलता के पीछे कई हाथों का सामूहिक प्रयास रहा। कलेक्टर रुचिका चौहान के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बेहतरीन समन्वय का परिचय दिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एस. सागर, पीएम श्री एयर एम्बुलेंस की नोडल अधिकारी डॉ. दीपाली माथुर और जिला क्षय अधिकारी डॉ. विजय पाठक के साझा प्रयासों से हर व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की गई। एयर एम्बूलेंस सेवा उपलब्ध कराने के लिये मरीज राकेश कुमार वंशकार के परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश सरकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है।
दूर-दराज के मरीजों के लिए वरदान बन गई है पीएम श्री एयर एम्बूलेंस सेवा
प्रदेश सरकार की पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा गंभीर एवं जीवनरक्षक उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों के लिए एक भरोसेमंद सहारा बन चुकी है। आपातकालीन स्थिति में एयर एम्बूलेंस सेवा गंभीर मरीजों का जीवन बचाने के लिये प्रदेश व देश के शीर्ष चिकित्सा संस्थानों तक समय से पहुँचा रही है। यह सेवा न केवल जिंदगियां बचा रही है बल्कि प्रदेश के आम नागरिकों को यह भरोसा भी दिला रही है कि सरकार संकट की घड़ी में कंधे से कंधा मिलाकर आपके साथ खड़ी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर