ग्वालियरः जिले में रविवार को तीन लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पल्स पोलियो की दवा

 


- पल्स पोलियो अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निकाली गई जागरूकता रैली

ग्वालियर, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में रविवार, 28 जून को जन्म से 5 वर्ष के सभी बच्चों को जिंदगी की दो बूँद अर्थात पल्स पोलियो की दवा पिलाई जायेगी। जिले में करीब तीन लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने निर्देश दिए हैं कि ऐसे प्रयास करें कि जिले का कोई भी बच्चा पल्स पोलियो की दवा से वंचित न रहे। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि अपने बच्चों को पोलियो से बचाने के लिये नजदीकी बूथ पर जाकर पल्स पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमएस सागर ने शनिवार को बताया कि जिले में अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। ग्वालियर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 28 जून से 30 जून तक चलाया जाएगा। पहले दिन 28 जून को पोलियो बूथ पर दवा पिलाई जायेगी। सभी अभिभावक प्रयास करें कि वे अपने बच्चों को पोलियो बूथ पर ही दवा पिलवाएं। जो बच्चे किसी कारणवश 28 जून को दवा नहीं पी पायेंगे, उनको 29 एवं 30 जून को घर-घर जाकर दवा पिलाई जायेगी।

उन्होंने बताया कि अभियान को अंजाम देने के लिये जिले में 2 हजार 356 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। जिले में 3 लाख 30 हजार 399 बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की मोनीटरिंग के लिये जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये सभी अधिकारी क्षेत्र में जाकर पोलियो बूथ टीम को सहयोग एवं मार्गदर्शन देंगे।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर.के.गुप्ता ने बताया कि पल्स पोलियो के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिये शनिवार 27 जून को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ पल्स पोलियो की रैली निकाली गई। साथ ही प्रचार रथ के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर