ग्वालियरः भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
- विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने की 'छेरा पहरा' सेवा
ग्वालियर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में शनिवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। दोपहर से देर रात तक हजारों श्रद्धालु भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन और नृत्य के साथ रथयात्रा में शामिल रहे। पूरे शहर में हरे कृष्ण, हरे राम और जगन्नाथ स्वामी के जयघोष गूंजते रहे।
रथयात्रा का शुभारंभ9 जीवाजी क्लब मार्ग से भगवान जगन्नाथ के रथ पूजन एवं विग्रह पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर तथा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर पारंपरिक 'छेरा पहरा' सेवा निभाई। दोनों नेताओं ने सोने की झाड़ू से यात्रा मार्ग का प्रतीकात्मक शुद्धिकरण किया और भगवान का आशीर्वाद लिया।
इसके बाद फूलों से सुसज्जित भगवान जगन्नाथ का विशाल रथ नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ। यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। श्रद्धालु पूरे मार्ग में भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए रथ के साथ चलते रहे, जिससे शहर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
रथयात्रा जीवाजी क्लब मार्ग से दाल बाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, ऊंट पुल, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, हनुमान चौराहा होते हुए गोयल वाटिका, लक्ष्मीगंज पहुंची। मार्ग में अनेक स्थानों पर भगवान की आरती, पूजन और स्वागत किया गया।
रथयात्रा से पूर्व विशेष पूजा, सुभद्रा कीर्तन तथा इस्कॉन संतों के आध्यात्मिक प्रवचन आयोजित किए गए। संतों ने भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए भक्तों को प्रेम, सेवा और समर्पण का संदेश दिया।
42 फीट ऊंचा हाइड्रोलिक रथ बना आकर्षण
इस वर्ष रथयात्रा का मुख्य आकर्षण 42 फीट ऊंचा हाइड्रोलिक रथ रहा, जिसे आकर्षक पुष्प सज्जा से सजाया गया था। रथयात्रा में इस्कॉन के भारतीय एवं विदेशी भक्त, वृंदावन से आए श्रद्धालु, माधवास रॉक बैंड तथा विदेशी कीर्तन मंडलियों ने हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत किया। भगवान श्री चैतन्य महाप्रभु एवं पंचतत्व की भव्य पालकी भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
रथयात्रा में भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित ग्वालियर-चंबल अंचल के अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर