ग्वालियरः “हमारी धरोहर-हमारी पहचान” कार्यक्रम से बताया पर्यटन स्थल का महत्व
- “विश्व विरासत दिवस” पर मोतीमहल में प्रदर्शनी आयोजित, 7 दिन नि:शुल्क कर सकेंगे अवलोकन
ग्वालियर, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में विश्व विरासत दिवस (18 अप्रैल) के अवसर पर मोतीमहल में हमारी धरोहर- हमारी पहचान विषय को लेकर मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों के पर्यटन स्थलों की छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। आमजन प्रदर्शनी को 7 दिनों तक नि:शुल्क दे सकेंगे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जितेन्द्र शर्मा, प्राचार्य, पं. श्यामचरण उपाध्याय महाविद्यालय मुरैना एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोज अवस्थी, विभागाध्यक्ष माधव महाविद्यालय ग्वालियर द्वारा दीप प्रज्वल्लित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
पी.सी. महोबिया, उपसंचालक, पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, म.प्र. उत्तरी क्षेत्र, ग्वालियर द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। मोतीमहल में पुरातत्व के प्रति छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं आमजनों में जागरूकता, जन-जागृति एवं अभिरुचि लाने के लिए यह प्रदर्शनी आयोजित की गई है। प्रदर्शनी में जिनमें विश्व धरोहर स्थल खजुराहो मंदिर समूह, साँची स्तूप, भीमबेटका, ताजमहल, लाल किला, एलोरा की गुफायें के साथ ही म.प्र. के प्राचीन किले, महल, गढ़ी, प्राचीन बावड़ियाँ, शैलचित्र, प्रतिमायें, पेंटिंग्स, सिक्के, छत्रियाँ एवं पाण्डुलिपि के छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं। प्रदर्शनी देखने आए आमजनों, छात्र-छात्राओं को पुरातत्विक धरोहर को सहेजने, प्राचीन धरोहर, प्राचीन परम्पराओं आदि को सुरक्षित रखने के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर मुकेश गाड़गे, वकार हुसैन रिजवी, संतोष बाथम, संतोष वर्मा, गिरिराज, एवं चन्दन सिंह परिहार आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर