ग्वालियरः सड़क दुर्घटना में मृत एवं गंभीर रूप से घायल के आश्रितों को 10-10 हज़ार रुपये की तात्कालिक सहायता

 


- कलेक्टर अस्पताल पहुँचीं, घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार करने के दिए निर्देश

ग्वालियर, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में गाँधी रोड पर शुक्रवार की सुबह हुई दुःखद सड़क दुर्घटना में मृत पाँच लोगों के आश्रितों को जिला प्रशासन द्वारा रेड क्रॉस सोसायटी से 10-10 हजार रूपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है, साथ ही गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को भी 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता तात्कालिक रूप से दी गई है। राज्य शासन की अन्य योजनाओं के तहत भी मृतकों के आश्रितों को मदद उपलब्ध कराई जायेगी।

घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर रुचिका चौहान जेएएच के ट्रामा सेंटर पहुँचीं और दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का बेहतर से बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों से भेंट कर ढाढ़स बंधाया। साथ ही भरोसा दिलाया की मृतकों के आश्रितों को शासन की योजनाओं के तहत हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

कलेक्टर ने महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को मृतकों के बच्चों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शासन के प्रावधानों के अनुसार अन्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी कहा है। मृतकों के परिजनों एवं घायलों की मदद के लिये कलेक्टर रुचिका चौहान के साथ एसडीएम नरेश कुमार गुप्ता, तहसीलदार मधुलिका तोमर व रमाशंकर सिंह सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी पहुँचे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर