ग्वालियरः मंत्री तोमर ने किया सेवा संकल्प अभियान के तहत 51 पूर्व सैनिकों का किया सम्मान
ग्वालियर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उप नगर ग्वालियर के भूतपूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों का सम्मान किया। मंत्री तोमर के रेसकोर्स रोड स्थित 38 नम्बर कार्यालय पर आयोजित इस समारोह में देश की सरहद की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूतों की वीरांगनाओं, उनके परिजनों एवं पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर योगेन्द्र सिंह तोमर, प्रमोद परमार, शैलेन्द्र सिंह सिकरवार, लवी खंडेलवाल, महेश सिंह भदौरिया, अरुण बाजपेयी सहित वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने वीर सैनिकों से जुड़ी स्मृतियों एवं वीर गाथाओं को साझा करते हुए राष्ट्र सेवा में सैनिकों के योगदान को अनुकरणीय बताया।
समारोह के दौरान ऊर्जा मंत्री ने 51 वीर सपूतों को शॉल और श्रीफल भेंट कर उनके त्याग, समर्पण एवं देश के प्रति योगदान को नमन करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिकों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। सेवा संकल्प अभियान के तहत उप नगर ग्वालियर में समाज के विभिन्न वर्गों के सम्मान, कल्याण एवं जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आयोजित इस समारोह के माध्यम से वीर सैनिकों एवं उनके परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को अभिव्यक्त किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए ऊर्जा मंत्री
'सेवा संकल्प अभियान' के अन्तर्गत ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर रविवार को उप नगर ग्वालियर के न्यू कॉलोनी स्थित नवीन पार्क में राजा मानसिंह तोमर मंडल द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेना भी हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर भाजपा जिला, मंडल पदाधिकारी सहित नगर निगम पार्षद गण तथा भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि आज के समय में बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग (वैश्विक तापवृद्धि) से बचने के लिए हम सबका कर्तव्य है कि अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना केवल सरकारों का नहीं, बल्कि हर नागरिक का सामूहिक कर्तव्य है। केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी उसी प्रकार देखभाल करने का संकल्प लिया जाता है, जैसे एक माँ अपने बच्चे की करती है। ऊर्जा मंत्री ने आव्हान किया कि अधिक से अधिक पेड़ लगाकर शुद्ध हवा, तापमान में कमी और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित व हरा-भरा भविष्य सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर