ग्वालियरः जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन, मंत्री कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में भव्य कार्यक्रम आयोजित
ग्वालियर, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर मंगलवार को सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ।
बाल भवन में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री कुशवाह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया। साथ ही जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों व शासकीय सेवकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे व हरियाली धरती माता के गहने होते हैं। हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि जल संरक्षण व संवर्धन के साथ-साथ बड़े पैमाने पर पौधे रोपें और उनका संरक्षण भी करें।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, जीडीए के अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदौरिया, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन, साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, मेला उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह व जिला पंचायत की उपाध्यक्ष प्रियंका घुरैया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत व अपर आयुक्त नगर निगम टी. प्रतीक राव मंचासीन थे।
मंत्री कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार द्वारा सभी की भागीदारी से नदी, कुँए, बावड़ी, जलाशयों व अन्य जल स्त्रोतों के संरक्षण के लिये चलाए गए जल गंगा संवर्धन अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। अभियान के तहत ग्वालियर जिले में भी उल्लेखनीय काम हुए हैं। उन्होंने लक्ष्मीगंज क्षेत्र में स्थित मेहराब साहब की तलैया व शहर की बावड़ियों के जीर्णोद्धार को रेखांकित करते हुए कहा कि हम सब शहर की सभी 118 बावड़ियों के जीर्णोद्धार में सहभागी बनें।
पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर ने कहा कि अभियान ने पर्यावरण व जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़ाई है। उन्होंने वर्षा काल में जन जागरूकता सभी के सहयोग से जल निकास की समुचित व्यवस्था बनाने पर बल दिया।
जीडीए अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया ने कहा कि हमारी संस्कृति में जल स्त्रोतों के संरक्षण की समृद्ध परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि यदि आज जल बचाया जायेगा तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा।
मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान से सराहनीय काम तो हुए ही हैं, साथ ही पानी सहेजने का सकारात्मक वातावरण बना है। उन्होंने साझा प्रयासों से मुरार नदी को पहले की तरह साफ-सुथरी बनाने की बात कही।
भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि कृषि, उद्योग और मानव जीवन के लिये जल अमूल्य संसाधन है। इसी बात को ध्यान में रखकर सरकार द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि ग्वालियर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुए हैं। उन्होंने कहा ग्रामीण क्षेत्र में अभियान के माध्यम से बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। पहले जिले के किसान खेत तालाब बनाने से झिझकते थे, इस अभियान के माध्यम से जिले के किसानों के खेतों में पिछले साल से अब तक लगभग 900 खेत तालाब बनाए जा चुके हैं।
आरंभ में मंत्री कुशवाह सहित सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शुरूआत में छात्रा कु. अनुष्का द्वारा मनमोहक शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिये मंत्री कुशवाह ने कु. अनुष्का को अपनी निधि से 10 हजार रुपए का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।
जिले में अभियान की प्रमुख उपलब्धियां
सरकार द्वारा गत 19 मार्च से 30 जून तक चलाए गए जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर जल सहेजने के लिये कार्य कराए गए। जिले में कुल 18 हजार 704 कार्य हुए। इनमें से नगर निगम ग्वालियर के 12 हजार 11 कार्य शामिल हैं। ग्वालियर में अभियान के तहत एक हजार “अमृत मित्र” बनाए गए हैं, जो जल संरक्षण व संवर्धन कार्य में सहयोग के साथ-साथ शहरवासियों को पानी बचाने के लिये जागरूक भी कर रहे हैं। शहर में अभियान के तहत 3008 जल नमूनों की गुणवत्ता की जांच, 1959 पाइपलाइनों व सीवेज के लीकेज सुधार एवं 655 रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण कराया गया। ग्रामीण अंचल में 679 खेत तालाब, 762 कूप रीचार्ज एवं 2761 अन्य कार्य कराए गए हैं। इसके अलावा 267 जल संरक्षण संबंधी अन्य कार्य भी कराए गए हैं। वृहद स्तर पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण व जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर