ग्वालियरः 18.18 करोड़ रुपये कीमत की 0.606 हेक्टेयर सरकारी जमीन कराई गई अतिक्रमणमुक्त
ग्वालियर, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत गुरुवार को जिला प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई कर राजस्व अनुविभाग झांसी रोड के अंतर्गत ग्राम बाराघाटा क्षेत्र में स्थित बेशकीमती लगभग 0.606 हेक्टेयर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
राजस्व, पुलिस एवं नगर निगम के संयुक्त दल ने कार्रवाई करते हुए सर्वे क्रमांक 62 में स्थित इस जमीन से बेजा कब्जा हटाकर शासन के आधिपत्य में लिया। अतिक्रमण से मुक्त कराई गई शासकीय भूमि का मूल्य लगभग 18 करोड़ 18 लाख रुपये आंका गया है।
एसडीएम अतुल सिंह ने बताया कि इस शासकीय भूमि पर अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा पक्का निर्माण कर टीन शेड से ढककर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। साथ ही, भूमि पर दो बड़े गोदाम बनाए गए थे, जिनसे किराया भी वसूला जा रहा था। अतिक्रमण हटाने के लिए न्यायालय तहसीलदार वृत्त महलगांव, तहसील सिटी सेंटर द्वारा गत 5 अगस्त 2026 को अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध बेदखली आदेश जारी किया गया था। इस आदेश में सात दिवस के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर 20 अगस्त को जिला प्रशासन की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गुरुवार को हुई कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) झांसी रोड, तहसीलदार महलगांव, तहसीलदार मेहरा, राजस्व निरीक्षक, पटवारियों सहित पुलिस बल एवं नगर निगम ग्वालियर का दल मौके पर मौजूद रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर