ग्वालियर के सुनियोजित विकास व औद्योगिक समृद्धि के लिए सरकार कटिबद्ध: ज्योतिरादित्य सिंधिया
- केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने दिए समयबद्ध कार्यक्रम के तहत विकास कार्य पूर्ण करने के निर्देश
ग्वालियर, 06 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य सरकार ग्वालियर शहर के सुनियोजित विकास के लिये कटिबद्ध है। दोनों सरकारों के साझा सहयोग से ग्वालियर को विकसित एवं औद्योगिक रूप से समृद्ध शहर बनाएंगे।
यह बात केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को मध्य प्रदेश के गवालियर में हुई ग्वालियर शहर के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के विकास में बड़े आयाम के रूप में जुड़ने जा रहे विकास कार्यों को सरकार की मंशा के अनुरूप जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिये मासिक फ्लोचार्ट तैयार करें। प्रत्येक प्रोजेक्ट के हर कार्य के पूर्ण करने की समय-सीमा निर्धारित हो।
बैठक में ग्वालियर शहर में निर्माणाधीन एलीवेटेड रोड के दोनों चरण, ग्रीन फील्ड आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेस-वे, वेस्टर्न बायपास, रेलवे स्टेशन का उन्नयनीकरण, चंबल पेयजल प्रोजेक्ट सहित शहर की पेयजल व सीवर व्यवस्था, शहर की सड़कों की मरम्मत, महाराज बाड़ा पर निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग, औद्योगिक संग्रहालय, जौरासी में निर्माणाधीन अम्बेडकर धाम व जेएएच अंडरपास सहित शहर के अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में मंत्री तुलसीराम सिलावट और प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक मोहन सिंह राठौर व साहब सिंह गुर्जर, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व मंत्री इमरती देवी, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल व मुन्नालाल गोयल, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह तथा कमल माखीजानी व कौशल शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर कलेक्टर कुमार सत्यम व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
नवम्बर तक पूरा होगा एलीवेटेड रोड का प्रथम चरण
समीक्षा बैठक में बताया गया कि ट्रिपल आईटीएम के समीप से महारानी लक्ष्मीबाई समाधि तक लगभग 450 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन लगभग 10 किलोमीटर लम्बे एलीवेटेड रोड के प्रथम चरण का काम नवम्बर माह तक पूरा हो जायेगा। प्रथम चरण के फाउण्डेशन में 229 पिलर बनाए जाने थे, इनमें से 214 बनकर तैयार हो गए हैं। साथ ही 1140 गर्डर में से 990 गर्डर लग चुके हैं। शेष पिलर के निर्माण की बाधा भी अप्रैल माह तक दूर हो जायेंगी। महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा फूलबाग से गिरवाई चौकी तक 13 किलोमीटर लम्बाई में लगभग 926 करोड़ रुपए की लागत से द्वितीय चरण की एलीवेटेड रोड बनाई जा रही है। द्वितीय चरण के निर्माण में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा नहीं है। द्वितीय चरण का काम दिसम्बर 2027 तक पूर्ण होगा।
जून तक पूर्ण होगी मल्टी लेवल पार्किंग, महाराज बाड़ा को नो व्हीकल जोन बनाएं
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने महाराज बाड़ा पर निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग की समीक्षा के दौरान कहा कि पार्किंग का काम पूर्ण होने के बाद महाराज बाड़ा क्षेत्र को नो व्हीकल जोन बनाने के प्रयास किए जाएं। सराफा सहित महाराज बाड़ा क्षेत्र के व्यवसाइयों व दुकानदारों के वाहन मल्टी लेवल पार्किंग में खड़े करने के लिये शुल्क तय कर मासिक व वार्षिक पास भी जारी किए जाएं। साथ ही महाराज बाड़ा के बाजारों में खरीददारी के लिये आने वाले लोगों के वाहनों को भी मल्टी लेवल पार्किंग में खड़ा कराया जाए।
बैठक में बताया गया कि मल्टी लेवल पार्किंग का काम 30 जून तक पूर्ण हो जायेगा। पार्किंग के प्रथम तल पर मिट्टी का भराव पूर्ण होने के बाद निचले तल में भरे हुए पानी की निकासी कराई जायेगी। साथ ही जल भराव का कारण बन रहे स्त्रोत को भी स्थायी रूप से बंद करने की पुख्ता व्यवस्था की जायेगी।
31 अक्टूबर तक रेलवे स्टेशन का काम पूरा करने के निर्देश
सिंधिया ने रेलवे स्टेशन के विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य 31 अक्टूबर तक पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेशन के दोनों ओर की पार्किंग का काम भी तेजी से पूर्ण किया जाए। साथ ही रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखें। इसके लिये रेलवे के अधिकारी व ठेकेदार जिला प्रशासन व पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करें। यदि कहीं पर रास्ता इत्यादि में परिवर्तन किया जाए तो उसके पहले से ही शाइन बोर्ड लगाए जाएं।
अम्बेडकर धाम को जीवंत बनाएं
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने जौरासी में निर्माणाधीन अम्बेडकर धाम को जीवंत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जीवाजी विश्वविद्यालय से एमओयू कर यहां पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर पर केन्द्रित डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करें। साथ ही बाबा साहब के जीवन से जुड़े पाँचों धाम पर केन्द्रित एक – एक कक्ष का निर्माण भी किया जाए। ऑडिटोरियम व बाबा साहब की प्रतिमा भी यहां पर लगाई जाए। बैठक में बताया गया कि अम्बेडकर धाम का काम तय समय-सीमा से दो माह पहले अर्थात जुलाई 2027 में पूर्ण करने की कार्ययोजना बनाई गई है।
सीवर, पेयजल व सड़कों के लिये धनराशि प्राप्त करने होंगे साझा प्रयास
शहर की शेष सड़कों के निर्माण व मरम्मत, पेयजल व सीवर समस्या के स्थायी समाधान के लिये सरकार से शेष धनराशि प्राप्त करने के लिये साझा प्रयास किए जायेंगे। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने बैठक में मौजूद प्रभारी मंत्री सिलावट व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से कलेक्टर व नगर निगम आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव व कार्ययोजना तैयार करने के लिये कहा। बैठक में बताया गया कि शहर की 294 सड़कों को ग्रीन, यलो व रेड जोन में विभक्त कर सड़कों की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। शहर की 109 गारंटी पीरियड की सड़कों में से 53 सड़कें खराब थीं। इनमें से 30 सड़कें ठीक हो चुकी हैं। इसी तरह 77 सड़कें पूर्णत: क्षतिग्रस्त थीं, इनमें से 34 का काम पूरा हो चुका है और 20 का कार्य चल रहा है। 7 सड़कों की मरम्मत के लिये कार्यादेश जारी हो चुके हैं। शेष सड़कों की मरम्मत व निर्माण संबंधी कार्रवाई प्रचलन में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर