ग्वालियरः जिले की चार जरूरतमंद महिलाएं आज बनेंगी “शक्ति दीदी”
- जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वर्तमान में 132 शक्ति दीदियां कर रही हैं काम
ग्वालियर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर रुचिका चौहान की पहल पर हुए शक्ति दीदी नवाचार के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इस नवाचार के तहत आज शनिवार को चार और जरूरतमंद महिलायें शक्ति दीदी बनेंगीं।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि जिले में नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर की नौकरी दिलाई जा रही है। जिले में वर्तमान में 57 पेट्रोल पंपों पर 132 जरूरतमंद महिलाएं फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में शक्ति दीदी की भूमिका का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, कलेक्टर रुचिका चौहान सहित अन्य अधिकारी आज विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर चार महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलायेंगे। कलेक्टर दोपहर एक बजे श्री हरीलीला सर्विसेज लक्ष्मीगंज पेट्रोल पंप पर बेबी व संगीता को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगीं। इसी तरह संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल इन्द्रप्रस्थ फिलिंग स्टेशन गोले का मंदिर पर दीपांजलि एवं संयुक्त कलेक्टर सुरेश कुमार बरहादिया जयभारत पेट्रोलियम चंद्रबदनी नाका पर ममता शाक्य को दोपहर 12 बजे शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर