ग्वालियरः जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच गोलीबारी, एक युवक की मौत
ग्वालियर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में डबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टेकनपुर में शुक्रवार शाम जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। इसमें संदीप परिहार नामक युवक की मौत हो गई। संदीप भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य आलोक शर्मा के भाई नवीन शर्मा का कर्मचारी था। उसके पेट में चार गोलियां लगी थीं।
जानकारी के अनुसार, टेकनपुर बस स्टैंड के पास पुरानी रोड पर स्थित इस जमीन को लेकर नवीन शर्मा और श्याम गुर्जर के बीच विवाद चल रहा था। इस जमीन की कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, नवीन शर्मा का इस जमीन पर पिछले तीन वर्षों से कब्जा था।
शुक्रवार को जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जा रहा था। इसी दौरान श्याम गुर्जर पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और गोलीबारी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों के मुताबिक, मौके पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। गोलीबारी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान संदीप परिहार स्कूल के अंदर घायल अवस्था में मिला। उसके पेट में चार गोलियां लगी थीं। पुलिस उसे ग्वालियर लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थार पर गोलियों के निशान, करीब 50 कारतूस मिले
घटनास्थल पर मिली थार जीप पर गोलियों के निशान थे। पुलिस ने गाड़ी से करीब 50 कारतूस बरामद किए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों के मुताबिक, मौके पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। घटना के बाद एसपी धर्मवीर सिंह यादव, एएसपी देहात जयराज कुबेर और आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतक के भाई ने विनय गुर्जर, सोनेराम गुर्जर, लालो गुर्जर, बाबा समेत अन्य लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि जमीन विवाद में गोली लगने से एक युवक की मौत हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के समय तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर