ग्वालियरः सैनिक संगठन स्वरोजगार गतिविधियों के लिये आगे आएं, जिला प्रशासन से मिलेगी पूरी मदद
- कलेक्टर की अध्यक्षता में सैनिक बोर्ड की छमाही व त्रैमासिक बैठक आयोजित
भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। पूर्व सैनिकों के संगठनों व समूहों के माध्यम से स्वरोजगारमूलक गतिविधियां शुरू कराएं। साथ ही सोसायटी बनाकर सैनिकों के बच्चों के लिये स्कूल खोलने की पहल भी करें। स्वरोजगार गतिविधियों के लिये बैंकों से ऋण दिलाने इत्यादि में जिला प्रशासन का पूरा सहयोग मिलेगा।
यह बात मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की कलेक्टर रुचिका चौहान ने बुधवार को सैनिक बोर्ड की छमाही व तिमाही बैठक में कही। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पूर्व सैनिकों एवं सैनिकों से संबंधित समस्याओं का निराकरण जिला प्रशासन तत्परता से कराया जायेगा।
कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि सैनिकों के पक्ष में न्यायालय द्वारा जमीन व मकान से संबंधित जो आदेश पारित किए गए हैं, उनका पालन कराने के लिये जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।
उन्होंने ऐसे सभी निर्णयों की सूची जिला सैनिक कल्याण अधिकारी से मांगी है। उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं सैनिकों की प्रशासन से संबंधित व्यक्तिगत समस्याओं का भी जल्द से जल्द निराकरण कराने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि जिले में स्थित शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों में पूर्व सैनिकों को सुरक्षा गार्ड रखने में प्राथमिकता दी जायेगी। उन्होंने कहा राज्य शासन द्वारा निर्धारित वेतन के आधार पर उन्हें सुरक्षा गार्ड की नौकरी दिलाई जायेगी।
बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी सी बी प्रसाद, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत कर्नल नरेन्द्र सिंह तोमर, सैनिक कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सेवानिवृत कर्नल रमेश कुमार राठी एवं उप संचालक रोजगार सहित बोर्ड के अन्य सदस्यगण मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर