ग्वालियरः अवैध खनन व परिवहन पर प्रशासन की सख्ती, रेत-मुरम से भरे 9 वाहन ज़ब्त

 


ग्वालियर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में अवैध खनिज के कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्यवाही की है। प्रभारी खनिज अधिकारी पंकज ध्वज मिश्रा के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने शनिवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ छापामार कार्रवाई की। इस दौरान रेत, मुरम और डस्ट के अवैध परिवहन में लगे कुल 9 वाहनों को ज़ब्त किया गया है।

प्रभारी खनिज अधिकारी मिश्रा ने बताया कि जांच अभियान के तहत खनिज अमले ने विक्की फैक्ट्री एवं हुरावली क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रेत परिवहन और भंडारण की पड़ताल की। मौके पर अवैध रेत से भरी 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी गईं, जिन्हें तत्काल ज़ब्त कर संबंधित थाने की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। इसी तरह विक्रमपुर क्षेत्र में दबिश देकर मुरम का अवैध खनन व परिवहन करते हुए एक डंपर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को ज़ब्त किया गया। इसके अलावा टीम ने गत दिवस कार्रवाई करते हुए बिजौली थाना क्षेत्र से अवैध डस्ट का परिवहन कर रहे एक 22 चक्का भारी ट्रोले को पकड़कर थाने की सुपुर्दगी में दिया था।

उन्होंने बताया कि खनिज विभाग द्वारा पकड़े गए सभी 9 वाहनों के विरुद्ध मध्य प्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। इस कार्रवाई में खनिज निरीक्षक रमाकांत तिवारी, प्रभारी खनिज निरीक्षक प्रशांत गुरैया, होमगार्ड सैनिक मुनेत्र राणा, सुरजीत राणा सहित पुलिस लाइन का बल मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर