ग्वालियरः मोहना में लगे जन-विश्वास शिविर में राहत में बदलीं शिकायतें, मौके पर मिला समाधान

 


- उद्यमी, इन्फ्लुयेंसर व युवा संवाद ने बढ़ाया जन-विश्वास

ग्वालियर, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत शुक्रवार को मोहना में जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आयोजित हुआ। सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह एवं विधायक मोहन सिंह राठौर की विशेष मौजूदगी में आयोजित हुए इस शिविर में उद्यमी संवाद, सोशल मीडिया इन्फ्लुयेंसर संवाद एवं मेधावी विद्यार्थियों के साथ संवाद भी हुआ।

शिविर से पहले सभी विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, वन मण्डलाधिकारी मुकेश पटेल एवं एसडीएम वंदना जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला व खण्ड स्तरीय अधिकारियों ने समस्याओं का निराकरण किया। शिविर में लगभग 250 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया। निराकरण से शेष रहे आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण हो सके, इसलिये सभी आवेदनों को सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया गया है। शिविर में नगर परिषद मोहना के अध्यक्ष राधाकृष्ण धाकड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी शामिल हुए।

मंत्री कुशवाह ने शिविर में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लोगों की समस्याओं का त्वरित व मौके पर ही निराकरण करने के उद्देश्य से जन-विश्वास अभियान शुरू किया गया है। आप सब इसका लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत के संकल्प में नशा मुक्त भारत को भी शामिल किया है। आप सब नशा विरोधी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं।

मंत्री कुशवाह ने गणेश महोत्सव के दौरान पर्यावरण हितैषी मिट्टी के भगवान श्री गणेश की मूर्तियां बनाने का आह्वान भी किया। साथ ही जानकारी दी कि इस क्षेत्र के दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिये जल्द ही घाटीगांव में विशेष शिविर लगाया जायेगा।

विधायक राठौर ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को आश्वस्त किया कि शासन से संबंधित उनकी हर समस्या का समाधान जन-विश्वास शिविर के माध्यम से किया जायेगा। शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पोर्टल पर दर्ज हो रही है। इसकी मॉनीटरिंग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की जाती है।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने सभी विभागों के अधिकारियों को शेष समस्याओं को समयबद्ध कार्यक्रम के तहत निराकृत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक आवेदन सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज होगा। इसलिये समस्या का निराकरण पूरी गंभीरता व गुणवत्ता के साथ करें।

उद्यमियों ने अपनी सफलता के अनुभव सुनाकर लोगों को किया प्रेरित

सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने-अपने स्टार्टअप व उद्यमों के माध्यम से आत्मनिर्भर और दूसरे लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के अनुभव स्थानीय उद्यमियों ने शिविर में साझा किए। मोहना निवासी हरीराम नामदेव ने मुद्रा योजना के तहत साढ़े 22 लाख रुपये का लोन लेकर अपने कपड़े के व्यवसाय को विस्तार दिया है। उनका वार्षिक टर्नओवर 1.35 करोड़ रुपये का हो गया है। वे आधा दर्जन लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार दे रहे हैं। इसी प्रकार उद्यम क्रांति योजना से रामअवतार धाकड़ ने अनाज विक्रय केन्द्र, गिर्राज वर्मा ने इलेक्ट्रीशियन शॉप, भूपेन्द्र गुर्जर व गिर्राज नामदेव ने रेडीमेड कपड़े की दुकानें खोली हैं। इन सभी के व्यवसाय सफलतापूर्वक चल रहे हैं और वे रोजगार मांगने के बजाय, रोजगार देने वाले बन गए हैं।

महिला इन्फ्लुयेंसर बोलीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को जनहित में उपयोग करें

मोहना में आयोजित हुए जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर में इन्फ्लुयेंसर संवाद विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा। खासतौर पर महिला इन्फ्लुयेंसर की बातों ने सभी को प्रभावित किया। मोहना क्षेत्र की निवासी रचना गुर्जर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगभग 10 मिलियन फॉलोअर्स हैं। उनका कहना था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को केवल मनोरंजन का साधन न समझें। इस पर अच्छे कंटेंट डालकर हम लोगों का भला कर सकते हैं। इसी तरह स्नेहा तोमर, आरती धाकड़, संध्या धाकड़ एवं सूरज धाकड़ का कहना था कि हम सब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से रचनात्मक पोस्ट भी प्रसारित करते हैं। सरकार की जन हितैषी योजनाओं से लोगों को अवगत कराने के लिये भी हम काम करेंगे।

मेधावी छात्रायें बोलीं अपनी बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर दें

जन-विश्वास शिविर में युवा संवाद के दौरान मेधावी छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सरकार बेटियों को आगे बढ़ाने के लिये पढ़ाई में मदद के साथ-साथ तमाम योजनायें संचालित कर रही है। आप सब अपनी बेटियों को अवश्य पढ़ाएं। युवा संवाद में शामिल हुईं मोहना निवासी अनुसूचित जनजाति की पलक आदिवासी यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। मेधावी छात्र जॉनशन धाकड़ व अरीबा बानो ने भी अपनी पढ़ाई के अनुभव साझा किए। इन तीनों विद्यार्थियों ने 12वी कक्षा में अपने-अपने स्कूल में अव्वल रहे हैं। इन्हें मध्य प्रदेश सरकार ने लेपटॉप के लिये धनराशि प्रदान की है। इन तीनों मेधावी विद्यार्थियों को मंत्री कुशवाह व विधायक राठौर ने प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर