ग्वालियरः कलेक्टर ने वृद्धजनों को दिखाई हनुमान जी पर आधारित फिल्म हनुमान अंश

 


ग्वालियर, 13 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में कलेक्टर रुचिका चौहान ने रविवार को सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल करते हुए मंगल धाम के वृद्धजनों को शहर के एक मॉल में हनुमान जी पर आधारित फिल्म हनुमान अंश दिखाई। कलेक्टर के इस आत्मीय प्रयास से मंगल धाम के वृद्धजनों के बीच उत्साह और खुशी का वातावरण बना।

वृद्धजनों ने सामूहिक रूप से फिल्म का आनंद लिया। उनके लिए यह अवसर मनोरंजन के साथ-साथ अपनत्व और सम्मान की सुखद अनुभूति लेकर आया। फिल्म प्रदर्शन के दौरान जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार कुलदीप दुबे एवं विभागीय अधिकारी भी वृद्धजनों के साथ सहभागी बने और उनकी खुशी को साझा किया।

इस अवसर पर वृद्धजनों को फल वितरित किए गए। अधिकारियों ने उनसे आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम भी जाना। मंगल धाम के वृद्धजनों ने कलेक्टर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा उनके साथ जिस आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ समय बिताया गया, वह उनके लिए विशेष अनुभव रहा। उन्होंने कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर