ग्वालियरः कलेक्टर ने बालिका गृह एवं वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण
- लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, बालिकाओं की निर्बाध शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के दिए निर्देश
ग्वालियर, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कलेक्टर रुचिका चौहान ने सोमवार देर शाम जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर एवं बालिका गृह का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने महिला हेल्पलाइन-181 के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, बालिकाओं की शिक्षा किसी भी परिस्थिति में प्रभावित न होने तथा दोनों संस्थानों में सुरक्षा एवं स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ऑनलाइन पोर्टल पर महिला हेल्पलाइन-181 के दर्ज प्रकरणों की समीक्षा की। समय-सीमा के भीतर प्रकरणों का निराकरण नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए शेष सभी लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेंटर में निवासरत महिलाओं से चर्चा कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।
बालिका गृह के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी बालिकाओं की शैक्षणिक स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में किसी भी बालिका की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए तथा उनके अध्ययन के लिए आवश्यक सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। कलेक्टर ने बरसात के मौसम को देखते हुए भवन में सीलन, गंदगी एवं अन्य असुविधाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन करते हुए उन्होंने कैमरों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनी रहे। साथ ही उन्होंने दोनों संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, उपासना राय, सहायक संचालक राहुल पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर