प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मप्र गढ़ रहा निवेश, रोजगार और समावेशी विकास का नया मॉडलः मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल, 25 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश निवेश, रोजगार और समावेशी विकास का एक नया मॉडल गढ़ रहा है। अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट से प्रदेश में औद्योगिक विस्तार को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश अब साकार होती संभावनाओं का अग्रणी केंद्र बन चुका है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मुख्य आतिथ्य में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जन्म जयंती के विशेष अवसर पर ग्वालियर में आयोजित “अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट” को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज का यह आयोजन प्रदेश के उज्जवल औद्योगिक भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। मध्य प्रदेश में निवेश हर मायने में फायदे का सौदा है। मध्य प्रदेश देश का दिल होने के साथ-साथ देश की आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रमुख पड़ाव है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश अनंत संभावनायें लिए हुए है। देश के मध्य में स्थित होने के कारण मध्य प्रदेश व्यापार, व्यवसाय, उद्योग-धंधे लगाने से लेकर अपने उत्पाद को निर्यात करने के लिए एक अनुपम केंद्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मध्य प्रदेश को “भारत का विकास और अवसरों का केंद्र” बताते हुए सभी निवेशकों से प्रदेश में निवेश जरूर करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश आज उन चुनिंदा राज्यों में है, जहाँ प्राकृतिक संसाधन, उद्योग-अनुकूल नीतियाँ, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और स्थिर शासन—सभी निवेशकों के लिए आदर्श वातावरण तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश अपनी कई विशिष्ट पहचानों के कारण पूरे देश में अद्वितीय है। प्रदेश में 18 नई उद्योग-अनुकूल नीतियाँ, विस्तृत लैंड बैंक, भरपूर जल उपलब्धता, स्किल्ड मानव संसाधन, उत्कृष्ट लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी और पारदर्शी प्रशासन निवेशकों को सर्वोत्तम वातावरण प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रिन्यूएबल एनर्जी, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, फार्मा, आईटी और पेट्रोकेमिकल्स जैसे सभी प्रमुख सेक्टरों में निवेश के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने निवेशकों को औद्योगिक सहयोग के साथ शिक्षा, अनुसंधान, संस्कृति, कौशल विकास, अवसंरचना और पर्यटन में साझेदारी के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व के विश्वसनीय विकास साझेदार के रूप में स्थापित हो रहा है। मध्यप्रदेश राष्ट्रीय प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने निवेशकों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। निवेशक भारत के दिल से जुड़े रहे। मध्यप्रदेश भी हमेशा निवेशकों के साथ सहयोग और साझेदारी करने में पीछे नहीं रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योग एवं रोजगार वर्ष में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि स्व. अटल जी राष्ट्रनीति के शिखर पुरुष एवं राजनीति के अजातशत्रु थे। मुख्यमंत्री ने स्व. अटल जी की 101वीं जयंती के अवसर पर उन्हें नमन कर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के कल्याण के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी एवं गृहमंत्री शाह के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश इसी 11 दिसंबर को नक्सलवाद की समस्या से पूर्णत: मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिये हर संभव कोशिश कर रही है। मध्यप्रदेश में 8.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर रहे हैं। अटलजी की जयंती के अवसर पर प्रदेश के साथ ग्वालियर को भी बड़ी सौगातें मिल रही हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि आज का दिन क्षेत्र के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर इस कार्यक्रम का आयोजन अपने आप में विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय स्व.अटल बिहारी वाजपेयी जी भारत की आत्मा की आवाज थे। उनका चिंतन, उनकी वाणी और उनका नेतृत्व राष्ट्र को एक सूत्र में बांधने वाला था। अटल जी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व और अथक परिश्रम से देश को विकास की नई दिशा दी और भारत को निवेश के लिए एक विश्वसनीय गंतव्य के रूप में स्थापित करने की मजबूत नींव रखी।
खंडेलवाल ने कहा कि अटल जी का जीवन, उनका आचरण और उनके आदर्श हम सभी के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आहवान किया कि हम सभी स्व. अटल जी के मूल्यों को आत्मसात करें और उन्हें अपने व्यवहार एवं सार्वजनिक जीवन में उतारने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि अटल जी का एक-एक वाक्य हमारे जीवन के लिए आदर्श सूत्र की तरह है, जो हमें राष्ट्र, समाज और कर्तव्य के प्रति निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर