ग्वालियरः बरसात के मौसम में डेंगू से बचाव के लिए नागरिक आवश्यक सावधानी बरतें

 






- कलेक्टर ने जिलेवासियों से की अपील

ग्वालियर, 24 जुलाई (हि.स.)। बरसात के दौरान डेंगू से बचाव के लिये नागरिकों को आवश्यक सावधानियां बरतना चाहिए। थोड़ी सी सावधानी अपनाकर हम स्वयं, अपने परिवार और पूरे समाज को सुरक्षित रख सकते हैं।

ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने शुक्रवार को जिले के निवासियों से उक्त अपील की। उन्होंने कहा कि कि बरसात के मौसम में मलेरिया एवं डेंगू की बीमारी से बचाव के लिये आवश्यक सावधानी अपनाएं। सावधानी ही बीमारियों से सुरक्षा का उपाय है।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले के निवासियों से कहा है कि डेंगू की रोकथाम में प्रशासन का सहयोग करें। सभी नागरिक सतर्कता और सहभागिता अपनाएं। अपने घरों, दुकानों एवं आसपास के क्षेत्र में पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, टंकियां एवं अन्य जल पात्रों की नियमित सफाई करें तथा सप्ताह में एक दिन सभी जल पात्रों को खाली कर साफ करें। डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है। इसलिये स्वच्छता और सावधानी ही सबसे प्रभावी बचाव है।

कलेक्टर ने यह भी अपील की है कि पूरी बाजू के कपड़े पहनें। मच्छरदानी एवं मच्छररोधी उपाय अपनाएं। बुखार आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जांच भी कराएं। जिला प्रशासन द्वारा डेंगू से बचाव के लिये सर्वे, फॉगिंग एवं जागरूकता अभियान में भी नागरिक सहयोग करें। डेंगू से बचाव हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। थोड़ी सी सावधानी अपनाकर स्वयं को, परिवार को और पूरे समाज को सुरक्षित रखा जा सकता है।

बरसात के दौरान जल भराव की स्थिति न बनें : सभी प्रबंधन समय रहते करें

कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा है कि बरसात के दौरान शहर में कहीं पर भी जल भराव की स्थिति न बने। जहां भी जल भराव होता है वहां पर अभी से प्रभावी प्रबंधन किए जाएं। निगम का अमला प्रत्येक जोन स्तर पर टीम गठित कर अभी से प्रबंधन प्रारंभ करे।

कलेक्टर ने शुक्रवार को जल भराव, डेंगू बीमारी की रोकथाम, वृक्षारोपण, जर्जर भवन, जल संरक्षण के संबंध में आयोजित बैठक में यह बात कही। कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त नगर निगम टी प्रतीक राव, शहरी क्षेत्र के सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं निगम के अधिकारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा है कि बरसात के दौरान शहर में जहां-जहां जल भराव की स्थिति बनती है, उन स्थानों पर निगम का अमला अभी से प्रबंधन का कार्य करे। इसके साथ ही बरसात के दौरान पानी की निकासी एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिये जोन स्तर पर दल गठित किए जाएं। इन दलों के पास आवश्यक मशीनरी एवं सामग्री की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। निगम स्तर पर कंट्रोल रूम संचालित किया जाए।

उन्होंने कहा है कि गत वर्षों में जिन स्थानों पर पानी एकत्र होने की स्थिति बनी थी, उन स्थानों पर समय रहते सभी प्रबंधन किए जाएं। निगम के सभी अपर आयुक्त अपने स्तर से बरसात के दौरान उत्पन्न होने वाली स्थिति से निपटने के लिये सभी प्रबंधनों की समीक्षा करें। बरसात के दौरान आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आना चाहिए।

कलेक्टर ने बरसात के दौरान मलेरिया एवं डेंगू बीमारी की रोकथाम के लिये भी पुख्ता प्रबंधन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि गत वर्षों में जिन क्षेत्रों में डेंगू के मरीज चिन्हित हुए थे, उन स्थानों पर मलेरिया विभाग एवं नगर निगम का अमला संयुक्त रूप से भ्रमण कर फॉगिंग आदि का कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि आम नागरिकों को भी डेंगू से बचाव के लिये आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की जाए। नागरिकों को यह भी बताया जाए कि डेंगू का मच्छर एकत्र पानी में उत्पन्न होता है। नागरिक इस बात का विशेष ध्यान रखें।

कलेक्टर ने जल संरक्षण अभियान की समीक्षा के दौरान कहा है कि बरसात का पानी अधिक से अधिक संरक्षित हो, इसके लिये अधिक से अधिक जल संरक्षण के कार्य किए जाएं। वाटर हार्वेस्टिंग के लिये शासकीय प्रयासों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी प्रेरित करने का कार्य किया जाए। निगम के सभी अपर आयुक्त अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक जल संरचनाओं को बनवाने का कार्य करें। इस कार्य में समाज के सभी वर्गों का सहयोग भी लिया जाए।

जर्जर भवनों के संबंध में हो प्रभावी कार्रवाई

कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा है कि बरसात के दौरान जर्जर भवनों के कारण किसी भी प्रकार की कोई घटना नहीं होना चाहिए। नगर निगम के माध्यम से शहरी क्षेत्र में चिन्हित सभी जर्जर भवनों को हटाने का कार्य किया जाए। इस कार्य में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भी सहयोग करें। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा कि निजी भवनों के साथ-साथ शासकीय ऐसे भवन जो जीर्ण-शीर्ण स्थिति में हैं उन्हें भी चिन्हित कर हटाने का कार्य तत्परता से किया जाए।

वृक्षारोपण अभियान को बनाएं जन अभियान

कलेक्टर ने कहा कि सम्पूर्ण जिले में वृक्षारोपण को वृहद रूप से करने का कार्य किया जाना है। इस अभियान को जन अभियान बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है। शहरी क्षेत्र में नगर निगम के माध्यम से अधिक से अधिक क्षेत्रों में वृक्षारोपण के कार्य हाथ में लिए जाएं। शहर के नागरिकों को भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिये प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्वालियर शहर में विभिन्न पहाड़ियों को भी चिन्हित कर वृक्षारोपण का कार्य किया जा रहा है। इस अभियान के तहत बरसात के दौरान अधिक से अधिक वृक्ष लगाए जाएं। इस कार्य में स्कूल के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों सहित समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

अपर आयुक्त नगर निगम टी प्रतीक राव ने नगर निगम के माध्यम से मलेरिया एवं डेंगू नियंत्रण, वृक्षारोपण, चिन्हित जल भराव क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर