ग्वालियरः जिले में उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास व धूमधाम से मना 80वाँ स्वतंत्रता दिवस
- विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने मुख्य समारोह में किया ध्वजारोहण, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बही देशभक्ति व लोकरंगों की धारा
ग्वालियर, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शनिवार को गौरवशाली भारतवर्ष का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। एसएएफ मैदान पर आयोजित जिले के मुख्य एवं भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण भी हुआ। एसएएफ मैदान पर लगी बड़ी-बड़ी एलईडी के माध्यम से अतिथियों सहित बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों, स्कूली बच्चों एवं सुरक्षा बल के जवानों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का उदबोधन सुना। साथ ही राज्य स्तरीय कार्यक्रम देखा।
प्रात: ठीक 9 बजे शुरू हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार सबसे पहले राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का गायन हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि तोमर ने एक खुले वाहन में कलेक्टर रुचिका चौहान व पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के साथ सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। परेड में शामिल जवानों ने तीन बार हर्ष फायर कर स्वतंत्रता दिवस अमर रहे और राष्ट्रपति के जयकारे लगाए। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव के संदेश का सीधा प्रसारण हुआ।
इसी क्रम में विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने बधाई संदेश एवं ग्वालियर जिले की उपलब्धियों पर केन्द्रित संदेश का वाचन किया। विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए खुले आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़े। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजनों व लोकतंत्र सेनानियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा मनोहारी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। “हर घर तिरंगा” अभियान की वजह से स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इस बार अलग ही छटा बिखरी। मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में बहुत बड़ी संख्या में शहरवासी स्वतंत्रता का उत्सव मनाने पहुँचे। मुख्य समारोह में संयुक्त परेड में सीमा सुरक्षा बल, एस.ए.एफ. द्वितीय वाहिनी, एसएएफ 13वी वाहिनी, एसएएफ 14वी वाहिनी, जिला पुलिस बल, जिला महिला बल, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर पुरुष एवं महिला, एनसीसी जूनियर पुरुष व महिला, स्काउट, गाईड, शौर्या दल, नगर रक्षा समिति, बीएसएफ बैंड व दूसरी वाहिनी एसएएफ बैंड की टुकडियां शामिल हुई। संयुक्त परेड के परेड कमांडर की भूमिका उप पुलिस अधीक्षक अनुश्री वार्ष्णेय व टूआईसी की भूमिका सूबेदार सोनम पाराशर ने निभाई। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने सभी टुकड़ियों के परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया और कुशल नेतृत्व के लिए बधाई दी।
संयुक्त परेड में इन टुकड़ियों को मिली शील्ड
संयुक्त परेड में उत्कृष्ट मार्चपास्ट के लिये सीनियर वर्ग में सीमा सुरक्षा बल टेकनपुर को प्रथम, एसएएफ द्वितीय वाहिनी को दूसरे एवं जिला पुलिस बल की टुकड़ी व एसएएफ 13वी वाहिनी की टुकड़ी को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान की शील्ड से सम्मानित गया। इसी प्रकार जूनियर वर्ग में एनसीसी सीनियर महिला को प्रथम, एनसीसी जूनियर महिला को द्वितीय एवं एनसीसी सीनियर पुरुष की टुकड़ी को तृतीय स्थान की शील्ड प्रदान की गई। साथ ही बीएसएएफ व एसएएफ द्वितीय वाहिनी के बैंडों को भी मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जगाया देशभक्ति का जज्बा, लोकधारा भी बही
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा चुनी हुई शिक्षण संस्थाओं के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक व मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। राष्ट्रभक्ति एवं भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत इन प्रस्तुतियों ने समारोह में खूब समा बांधा। सांस्कृतिक कार्यकमों में कम्पू स्थित सांदीपनि शासकीय पद्मा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा “भारतीय सेना का शौर्य एवं बलिदान” पर प्रस्तुत कार्यक्रम को प्रथम स्थान मिला। बारादरी चौराहा स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्र.-2 द्वारा “स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान” एवं मुरार स्थित शासकीय एमएलबी कन्या विद्यालय द्वारा “महारानी लक्ष्मीबाई शौर्य” पर प्रस्तुत कार्यक्रम को संयुक्त रूप से द्वितीय तथा मल्लगढ़ा स्थित सांदीपनि शासकीय कन्या विद्यालय द्वारा “शहीदों की शहादत” एवं लश्कर स्थित शासकीय गोरखी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा “सशक्त भारत” पर प्रस्तुत कार्यक्रम को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान की शील्ड प्रदान की गई। बड़ी संख्या में मौजूद जिले के नागरिकों ने करतल ध्वनि के साथ स्कूली बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
बीएसएफ के श्वान दस्ते ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
एसएएफ मैदान पर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए गरिमामयी समारोह में सीमा सुरक्षा बल के श्वान दस्ते द्वारा किए गए हैरतअंगेज करतबों ने सभी को भीतर तक प्रभावित किया। अपराधियों से निपटना हो अथवा फिर तस्करों की पहचान या फिर कठिन बाधाओं के बीच से होकर गुजरना हो। राष्ट्रीय श्वान दस्ते ने सभी बाधाओं को फतह करने का जीवंत प्रदर्शन करके दिखाया। समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद गणमान्य नागरिकों व बच्चों की श्वान दस्ते को खूब वाहवाही मिली। कार्यक्रम के अंत में श्वान दस्ते को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये विशेष शील्ड प्रदान की गई।
पहली बार हुआ कलारियपट्टू मार्शल आर्ट का प्रदर्शन
जिले के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार मार्शल आर्ट कलारियपट्टू का प्रदर्शन हुआ। इस प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने एक से बढ़कर एक रोमांचित करने वाले करतब दिखाए। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों की इस प्रदर्शन को खूब वाहवाही मिली। मुख्य अतिथि नरेन्द्र सिंह तोमर ने इसके लिये जिला प्रशासन की ओर से यह प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया।
उत्कृष्ट काम करने वालों को सौंपे प्रशस्ति पत्र
समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर समाज कल्याण व खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली विभूतियों एवं ग्राम पंचायतों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न विभागों के कर्तव्यनिष्ठ शासकीय सेवकों को भी मुख्य अतिथि द्वारा इस अवसर पर प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विकास पुस्तिका भी वितरित की गई
जिले के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में ग्वालियर जिले की विकास पुस्तिका भी जनसंपर्क विभाग द्वारा वितरित की गई। इस विकास पुस्तिका में जिले की विकासगाथा को प्रदर्शित किया गया है।
स्कूली बच्चों के साथ विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने लिया सुरूचिपूर्ण भोज का आनंद
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष तोमर मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत आयोजित हुए विशेष भोज में भी शामिल हुए। उन्होंने बेटी बचाओ तिराहा के समीप तिलकनगर कम्पू स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिन्दी विद्यापीठ स्कूल के बच्चों के साथ बैठकर सुरूचिपूर्ण भोज का आनंद लिया। मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत आयोजित हुए सुरूचिपूर्ण भोज में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह, पूर्व विधायक रामबरन सिंह गुर्जर एवं अभय चौधरी, विनय जैन व अशोक जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद व अनिल बनवारिया सहित स्कूली बालिकायें शामिल हुईं।
जिला प्रशासन के कर्मठ अधिकारियों का हुआ सम्मान
गौरवशाली भारतवर्ष के 80वे स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला प्रशासन के अधिकारियों को जिले के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने सम्मानित किया। एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह को कानून व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान, संयुक्त कलेक्टर एवं एसडीएम जुही गर्ग को शासकीय सेवकों की पदोन्नति संबंधी कार्य तथा एसडीएम राजीव समाधिया को ई-टोकन व्यवस्था के तहत सुव्यवस्थित ढंग से खाद वितरण कराने के लिये सम्मानित किया गया।
संभाग आयुक्त खत्री ने राजस्व भवन में किया ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्वालियर संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने राजस्व भवन में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक राष्ट्रगान का गायन किया। साथ ही भारत माता की जय एवं स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारे भी लगाये। इस अवसर पर आयुक्त खत्री ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभ कामनायें दी।
कलेक्ट्रेट परिसर में शान से लहराया तिरंगा
गौरवशाली भारत के 80वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ओहदपुर की सुरम्य पहाड़ी पर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कलेक्टर रुचिका चौहान ने ध्वजारोहण कर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। ध्वजारोहण के उपरांत सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और सभी को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा विविधताओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। देशभक्ति केवल किसी एक दिवस तक सीमित न रहकर वर्ष के सभी 365 दिनों तक हमारे आचरण और व्यवहार में दिखाई देनी चाहिए।
संभागीय जनसंपर्क कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण
संभागीय जनसंपर्क कार्यालय में उप संचालक मधु सोलापुरकर ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। साथ ही अन्य संस्थाओं में जगह-जगह पूरे सम्मान से तिरंगा फहराया गया। प्रात: 7 बजे से 8 बजे के बीच सभी शासकीय अर्द्धशासकीय, नगरीय एवं पंचायत निकायों और शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।
जिले के अन्य कस्बों व ग्रामीण अंचल में भी शान से लहराया तिरंगा
जिले में 80वे स्वतंत्रता दिवस पर सभी नगरीय निकायों, विकासखण्ड मुख्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जनपद पंचायत मुख्यालयों पर जनपद अध्यक्ष, नगरीय निकायों में नगर पालिका, नगर पंचायत अध्यक्षों द्वारा और ग्राम पंचायतों में सरपंचों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पौधरोपण व स्वच्छता आदि रचनात्मक गतिविधियां भी हुईं।
प्रशासनिक न्यायाधिपति अहलूवालिया ने उच्च न्यायालय में किया ध्वजारोहण
गौरवशाली भारतवर्ष के 80वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उच्च न्यायालय खण्डपीठ-ग्वालियर परिसर में प्रशासनिक न्यायाधिपति न्यायमूर्ति जीएस आहलूवालिया द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित न्यायाधीशगणों सहित सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। ध्यजारोहरण पश्चात् पर्यावरण के प्रति संवेदना और इसके संरक्षण को प्रचारित करने के उद्देष्य से समस्त न्यायमूर्तिगण द्वारा खण्डपीठ-ग्वालियर परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा पर्यावरण के संरक्षण को प्राथमिकता पर रखने का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर