ग्वालियरः खाद्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से भण्डारित 8 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए

 


ग्वालियर, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एलपीजी (रसोई गैस) का अनाधिकृत भण्डारण व रीफिलिंग रोकने एवं रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति के लिये राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इस कड़ी में बुधवार को खाद्य विभाग की टीम ने विभिन्न गैस एजेंसियों व संदिग्ध स्थलों पर गैस के अवैध भण्डारण का निरीक्षण कर आठ सिलेंडर जब्त किए।

जिला आपूर्ति नियंत्रक से प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग की टीमों ने बुधवार को ठाठीपुर स्थित बबलू गैस रीफिलिंग व सन्मति गैस सर्विस, पिंटो पार्क एवं हजीरा क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान समर्थ नगर पिंटो पार्क स्थित अमित उपाध्याय के घर पर अवैध रूप से भण्डारित 8 एलपीजी सिलेंडर खाद्य विभाग की टीम ने जब्त किए हैं। जब्त किए गए सिलेंडर घिरोंगी इण्डेन गैस एजेंसी को सुपुर्द किए गए हैं। साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों अथवा परिसर में एलपीजी का अनाधिकृत भण्डारण न करें। केवल अपने गैस कनेक्शन के आधार पर ही सिलेंडर प्राप्त करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर