ग्वालियरः जिले में हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनेगी स्वाधीनता की 79वीं वर्षगाँठ
- मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर सौंपी गई जिम्मेदारी
ग्वालियर, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में भारतीय स्वाधीनता की 79वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाई जायेगी। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त पर जिले का मुख्य समारोह यहाँ कम्पू स्थित एस.ए.एफ. ग्राउण्ड पर आयोजित होगा। इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे।
मुख्य समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों, कारगिल शहीदों की वीर नारियों एवं लोकतंत्र सैनानियों को भी सम्मानित किया जायेगा। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग व मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जायेगी। सीमा सुरक्षा बल के श्वान दस्ते को भी आमंत्रित किया जा रहा है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के सिलसिले में गुरुवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। साथ ही मुख्य समारोह के लिये अधिकारियों को जिम्मेदारियाँ भी सौंपी गईं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्वतंत्रता दिवस पर सभी कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एडीएम सीबी प्रसाद व अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
मुख्य समारोह में निकलने वाली संयुक्त परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी व स्काउट गाइड इत्यादि के साथ शौर्या दल की टुकड़ियाँ शामिल होंगीं। संयुक्त परेड की रिहर्सल जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए गए। बैठक में बताया गया कि संयुक्त परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फायनल रिहर्सल 13 अगस्त को एसएएफ मैदान पर होगी।
भारतीय संस्कृति और राष्ट्र भावना से ओत-प्रोत हों सांस्कृतिक कार्यक्रम
कलेक्टर रुचिका चौहान ने निर्देश दिए हैं कि मुख्य समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम, भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रीय भावना से ओत प्रोत होना चाहिये। मुख्य समारोह के लिये सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि स्कूली बच्चे बेहतर ढंग से तैयारी कर सकें। साथ ही कहा गया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विषय वस्तु और गानों इत्यादि का चयन समिति बेहतर ढंग से परीक्षण कर यह सुनिश्चित करे कि कार्यक्रम गरिमा के अनुरूप हों।
उत्कृष्ट शासकीय सेवकों का होगा सम्मान, 8 अगस्त तक नाम मांगे
शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मनित किया जायेगा। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ऐसे शासकीय सेवकों के नाम सम्मान के लिये प्रस्तातिव किए जाएँ, जिनके द्वारा अति उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की गई है। उपलब्धि का ब्यौरा सहित शासकीय सेवकों के नाम 8 अगस्त तक कलेक्ट्रेट भेजने के निर्देश बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर