ग्वालियरः जिला स्तर से 60 अधिकारियों ने मैदान में पहुँचकर मजबूत किया जन-विश्वास
- घाटीगांव में अभियान के तहत लगा पहला जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर
ग्वालियर, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जिला स्तर से शुक्रवार को लगभग 60 अधिकारी एक साथ मैदान में उतरे। इन अधिकारियों ने विकासखंड घाटीगांव के विभिन्न गाँवों में पहुँचकर 114 शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही स्थानीय जन-समुदाय से संवाद कर उनकी अपेक्षाओं, समस्याओं व चुनौतियों को जाना और निराकरण का भरोसा दिलाकर सरकार के प्रति जनविश्वास को और मजबूत किया। इसके बाद सभी अधिकारी घाटीगांव पहुँचे, जहां आयोजित जिला स्तरीय शिविर के माध्यम से जन समस्याओं का निराकरण किया।
मौका था “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के शुभारंभ दिवस का। इस अभियान के तहत घाटीगांव के यह जन-विश्वास शिविर लगाया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी जनता से सीधा संवाद व जुड़ाव स्थापित कर समस्याओं का शतप्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू हुआ है।
सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर सफलतापूर्वक अपने-अपने उद्यम चला रहे घाटीगांव क्षेत्र के उद्यमियों ने इस अवसर पर अपनी सफलता के प्रेरणादायी अनुभव साझा किए। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए। जन-विश्वास शिविर के साथ-साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में कलेक्टर रुचिका चौहान की पहल पर विशेष रूप से मेडीकल बोर्ड भी बिठाया गया था। मेडीकल बोर्ड की अनुशंसा के आधार पर दिव्यांगजनों के मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाए गए।
विकासखंड मुख्यालय घाटीगांव में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत आयोजित हुए जिले के पहले जिला स्तरीय शिविर में लगभग 150 लोगों द्वारा आवेदन देकर अपनी समस्यायें दर्ज कराई गईं। विधायक मोहन सिंह राठौर, जनपद पंचायत की अध्यक्ष वर्षा रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया, वन मण्डलाधिकारी मुकेश पटेल एवं एसडीएम वंदना जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया। सभी आवेदनों को सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया गया है, जिससे उनके निराकरण की नियमित समीक्षा हो सके।
विधायक मोहन सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत सभी विभागों के अधिकारियों को मैदान में उतारकर जन समस्याओं के वास्तविक निराकरण की पहल की है। उन्होंने शिविर में मौजूद लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिये चलाए जा रहे अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस द्वारा घाटीगांव क्षेत्र में लंबित सीएम हैल्पलाइन की 50 में से 47 शिकायतों का निराकरण “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत कराया है। शिविर स्थल पर सभी विभागों के अलग-अलग काउण्टर बनाए गए थे। साथ ही लोगों की शिकायतें दर्ज करने के लिये अलग से एक विशेष काउण्टर भी लगाया गया था। जिला पंचायत सीईओ श्री सोजान सिंह रावत ने सभी काउण्टरों पर पहुँचकर निराकरण की जानकारी ली।
जनजाति के बच्चे ने सुनाया 13 का पहाड़ा और बिटिया ने लिख दिया अंग्रेजी में नाम
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के पहले दिन शिविर से पहले जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने ग्राम मुंशी का चक व मंडन का पुरा के प्राथमिक विद्यालयों एवं मंडन के पुरा के आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान सुखद पहलू रहा कि चौथी कक्षा में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति समुदाय के एक बच्चे ने 13 का पहाड़ा व एबीसीडी सुना दी। इसी तरह 5वी कक्षा में अध्ययनरत सहरिया जनजाति की बालिका ने श्यामपट पर अंग्रेजी में अपना नाम लिख दिया। जिला पंचायत सीईओ ने इन बच्चों को शाबाशी दी। वहीं इन विद्यालयों में निपुण भारत एक्सरसाइज का ठीक ढंग से पालन न पाए जाने पर शिक्षकों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने इन विद्यालय भवनों में आवश्यक मरम्मत कराने और साफ-सफाई बेहतर करने के लिये शिक्षकों व ग्राम पंचायत सचिव को निर्देश दिए।
वास्तविक विकास की गवाही दे रही है पीएम जन-मन कॉलोनी
पीएम जन-मन अभियान (प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान) से सही मायनों में उन तक विकास की रोशनी पहुँची है जो वर्षों से इसकी बाट जोह रहे थे। ग्राम पंचायत चैत की जन-मन कॉलोनी में प्रदेश की विशेष पिछड़ी जनजातियों में शुमार सहरिया जनजाति परिवारों के लिये पक्के आवास बनवाए गए हैं। इस कॉलोनी में पक्की सड़क, आधुनिक स्वास्थ्य केन्द्र व सामुदायिक निर्माण का भवन भी पीएम जन-मन के तहत बनवाया गया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने शुक्रवार को शिविर से पहले चैत की जन-मन कॉलोनी का जायजा लिया। साथ ही सहरिया परिवारों के लोगों से संवाद भी किया। सहरिया जनजाति के कुछ लोगों ने सरकार की योजनाओं के तहत बकरियां उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि आप अब अपने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ने भेजें। शेड सहित बकरियां व अन्य सुविधायें सरकार उपलब्ध करायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर