ग्वालियरः एनसीसी नेवल विंग के प्रशिक्षण शिविर में 260 कैडेट्स ने 22 राइफल से सीखी निशानेबाजी

 


- कैडेट्स को हथियारों के सुरक्षित उपयोग, प्राथमिक चिकित्सा और आपात स्थिति में जीवन बचाने का दिया प्रशिक्षण

ग्वालियर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश नेवल यूनिट द्वारा ग्वालियर में आयोजित दस दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के छठवें दिन शनिवार को 260 कैडेट्स को 22 राइफल से निशानेबाजी का प्रशिक्षण दिया गया। पांच ग्रेनेडियर्स बटालियन, मुरार कैंट में आयोजित इस शिविर में कैडेट्स ने फायरिंग सिमुलेटर और एसएएफ फायरिंग रेंज में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। साथ ही उन्हें राइफल संचालन, निशाना लगाने की तकनीक और हथियारों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई।

ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अनिल जैथलिया के निर्देशन में आयोजित शिविर में कैडेट्स ने सुबह योग एवं शारीरिक अभ्यास किया। इसके बाद उन्हें निशानेबाजी का प्रशिक्षण दिया गया। कैडेट्स को नौसेना में झंडों के माध्यम से एक जहाज से दूसरे जहाज तक संदेश भेजने की प्रक्रिया भी समझाई गई। साथ ही स्वच्छता, अनुशासन और मेहनत का महत्व बताया गया।

शिविर में मिलिट्री हॉस्पिटल के चिकित्सक एवं 5 ग्रेनेडियर्स के आरएमओ मेजर अजहरूद्वीन ने प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सड़क दुर्घटना, रक्तस्राव, जलने, बेहोशी, लू लगने और सांस लेने में कठिनाई जैसी परिस्थितियों में तुरंत किए जाने वाले प्राथमिक उपचार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर प्राथमिक उपचार मिलने से किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। कैडेट्स को सीपीआर और आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी समझाया गया।

सायंकालीन सत्र में कैडेट्स ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैम्प कमांडेंट कमांडर एट आर्म्स दीपक सिंह भदौरिया के निर्देशानुसार संचालित यह प्रशिक्षण शिविर कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और राष्ट्रसेवा का भाव विकसित करने में सहायक बन रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर