ग्वालियरः एचआरपी क्लीनिक में 1271 महिलाओं की हुई जांच, 491 महिलाएं निकलीं हाईरिस्क गर्भवती

 


- जिले के 30 सरकारी अस्पतालों में लगाई गईं एचआरपी क्लीनिक

ग्वालियर, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के 30 सरकारी अस्पतालों में 25 व 26 नवम्बर को एच आर पी क्लीनिक लगाकर 1271 गर्भवती माताओं की जाँच की गई। इनमें से 491 महिलाओं को हाई रिस्क (अधिक जोखिम) गर्भवती माताओं के रूप में चिन्हित किया गया। इन महिलाओं को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत दवाएँ व उपचार उपलब्ध कराया गया।

कलेक्टर चौहान ने चिन्हित हाई रिस्क गर्भवती माताओं का प्रसव होने तक लगातार फोलोअप कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए है। ज्ञात हो प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत हर माह की 9 व 25 तारीख की चिन्हित स्वास्थ्य संस्थाओं में एचआरपी क्लीनिक लगाकर हाईरिस्क गर्भवती माताओं की जांच की जाती है। ग्वालियर जिले में राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सुव्यवस्थित ढंग से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत हाईरिस्क गर्भवती माताओं के चिन्हांकन व जांच के साथ-साथ उन्हें जरूरी स्वास्थ्य सेवायें मुहैया कराई जा रही हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम एस सागर ने बताया कि एचआरपी क्लीनिक में गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी, हीमोग्लोवबिन सहित खून की अन्य जांचे और यूरिन की जांच भी कराई गई। जाँच में 491 महिलायें हाईरिस्क गर्भवती पाई गई हैं। इनमें से 8 महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही 137 महिलाओं की अल्ट्रासोनोग्राफी जांच की गई। इस दौरान 24 महिलाओं को आयरन सुक्रोज इंजेक्शन लगाया गया।

इन संस्थाओं में लगाई गईं एचआरपी क्लीनिक

जिला चिकित्सालय मुरार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हस्तिनापुर, भितरवार, मोहना, डबरा व दीनदयालनगर शामिल हैं। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उटीला, चीनौर, वीरपुर, आंतरी, पिछोर व कुलैथ, प्रसूति गृह माधौगंज व बिरलानगर, यूपीएचसी लक्ष्मीगंज, हुरावली, पंतनगर, ठाठीपुर, बहोड़ापुर, हाथीखाना, सिविल हॉस्पिटल हजीरा, सिविल डिस्पेंसरी जनकगंज, सिविल अस्पताल हेमसिंह की परेड, लधेड़ी, आदर्श मिल, नाका चंद्रबदनी गेंडेवाली सड़क, शब्दप्रताप आश्रम व पीएचई कॉलोनी शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर