ग्वालियरः रेत के अवैध परिवहन में लिप्त 10 ट्रेक्टर-ट्रॉली जब्त
ग्वालियर, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के तहत गुरुवार की सुबह लगभग 7 बजे अनुविभागीय दण्डाधिकारी अतुल सिंह के नेतृत्व में गई संयुक्त टीम ने विक्की फैक्ट्री तिराहा व हुरावली चौराहा सहित अन्य स्थानों पर छापामर कार्रवाई की। इस दौरान रेत से भरे 10 ट्रेक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए।
प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव ने बताया कि अवैध व ओवरलोड रेत से भरे 7 ट्रेक्टर-ट्रॉली झांसी रोड थाना क्षेत्र में जब्त की गई हैं। इसी तरह तीन ट्रेक्टर ट्रॉली सिरोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत जब्त की गई हैं। इन ट्रेक्टर-ट्रॉलियों को संबंधित पुलिस थाना की अभिरक्षा में भेजा गया है। साथ ही इस अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के लिये गई टीम में एसडीएम अतुल सिंह व तहसीलदार कुलदीप दुबे सहित अन्य राजस्व अधिकारी, प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव व पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर