गुरु पूर्णिमा पखवाड़ाः गुरु वंदना, भजन और संस्कृत श्लोकों से गूंजे मप्र के 3205 शासकीय विद्यालय
- प्रदेश के 2 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने संस्कृत भारतीय संस्कृति का जाना महत्व
भोपाल, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन और गुरु-शिष्य परंपरा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के तहत सोमवार को विद्यालयों में संस्कृत श्लोक वाचन, गुरु वंदना एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने संस्कृत श्लोकों का वाचन, गुरु वंदना एवं भजनों की प्रस्तुतियां दीं।
इस दौरान प्रदेश के 3 हजार 205 शासकीय विद्यालयों के 2 लाख 10 हजार 999 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की और भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा का महत्व जाना। सभी विद्यार्थियों ने गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान का भाव व्यक्त किया।
दरअसल, लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 29 जुलाई तक गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा का आयोजन किया गया जा रहा है। विद्यार्थियों को भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं, नैतिक मूल्यों एवं गुरु के प्रति आदर की भावना से जोड़ने के साथ-साथ विद्यालयों में संस्कारयुक्त एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेश के सभी विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसके तहत विद्यालयों में संस्कृत श्लोक वाचन, गुरु वंदना एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर