गुनाः किसान के घर 4.50 करोड़ की चोरी, ढाई किलो सोना-चांदी से भरी तिजोरी उड़ा ले गए बदमाश

 


गुना, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरेला में एक किसान के घर करीब 4.50 करोड़ रुपये की चोरी हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हितिका वासल मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। बदमाश घर में रखी तिजोरी ही उठा ले गए, जिसमें करीब ढाई किलो सोना, दो किलो चांदी के आभूषण और लगभग 11.60 लाख रुपये नकद रखे थे।

पीड़ित किसान बाबूलाल मीना ने बताया कि रविवार देर रात करीब ढाई बजे बदमाश घर की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। उस समय वह और उनकी पत्नी एक कमरे में सो रहे थे, जबकि उनका छोटा बेटा दूसरे कमरे में था। बदमाशों ने बेटे के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और दो मंजिला मकान में रखी तिजोरी लेकर फरार हो गए। जाते समय वे घर में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी चोरी कर ले गए।

पीड़ित किसान के अनुसार, तिजोरी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 4.50 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि चांदी के अधिकांश आभूषण पुराने थे और उनका नियमित उपयोग नहीं होता था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अलग-अलग टीमें आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश कर रही हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और चोरी गए सामान के मूल्य का भी सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि बदमाश किसान बाबूलाल के घर से तिजोरी उठा ले गए हैं। उसमें सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रखी होने की जानकारी मिली है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। चोरी गए सामान और उसकी वास्तविक कीमत का भी सत्यापन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर