गुनाः राष्ट्रीय ध्वज की शान में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, मंत्री राजपूत ने सहभागिता कर बढ़ाया उत्साह
गुना, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना में ‘’हर घर तिरंगा अभियान’’2026 के अंतर्गत शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने यात्रा में सहभागिता की। इस दौरान देशभक्ति गीतों और हाथों में तिरंगा थामे अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों के उत्साह ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
लक्ष्मीगंज से शुरू हुई तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा की शुरुआत लक्ष्मीगंज से हुई। रैली सदर बाजार, निचला बाजार एवं सराफा क्षेत्र सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए हाट रोड स्थित पशुपालन विभाग पहुंची। मार्ग में नागरिकों द्वारा तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। तिरंगा यात्रा में स्पीकर से गूंजते देशभक्ति गीतों ने माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया।
तिरंगा हमारी शान, सदैव ऊंचा रहे
इस अवसर पर मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि गुना की सुंदर गलियों में स्कूली बच्चों, उनके शिक्षकों, समाज के सभी वर्गों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिस उत्साह और जोश के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की, वह गौरव की बात है। तिरंगा हमारी शान है। उन्होंने कहा कि भारत माता की शान में हमारा तिरंगा सदियों-सदियों तक ऊंचा रहे, यही हम सभी की भावना है।
राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
तिरंगा यात्रा का समापन पशुपालन विभाग परिसर में हुआ। इस अवसर पर पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी गई और राष्ट्रगान के साथ तिरंगा यात्रा का गरिमापूर्ण समापन किया गया। समापन अवसर पर अपर कलेक्टर अखिलेश जैन ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर