गुनाः लगातार बारिश में कलेक्टर-एसपी ने संभाला मोर्चा

 


- सिंगवासा तालाब से गोपीकृष्ण सागर बांध तक किया निरीक्षण

गुना, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले में लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने शुक्रवार को शहर एवं आसपास के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने सिंगवासा तालाब, नानाखेड़ी पुल, मणिधारी गार्डन के सामने की पुलिया, दो खंभा क्षेत्र, भुजरिया तालाब होते हुए गोपीकृष्ण सागर बांध पहुंचकर वर्षा, जलस्तर एवं जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को जलस्रोतों एवं पुल-पुलियों से दूर रहने की समझाइश दी तथा अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश दिए।

सिंगवासा तालाब से शुरू हुआ निरीक्षण, लोगों को किया सतर्क

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले सिंगवासा तालाब पहुंचकर जलस्तर एवं आसपास की स्थिति का निरीक्षण किया। यहां मौजूद लोगों को लगातार बारिश के दौरान तालाब एवं अन्य जलस्रोतों के समीप नहीं जाने की समझाइश दी गई। अधिकारियों ने कहा कि बारिश के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पानी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।

इसके बाद अधिकारियों ने नानाखेड़ी पुलिया का निरीक्षण किया। उन्होंने नगरीय प्रशासन को क्षेत्र में साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आमजनों से पुलिया के आसपास नहीं जाने की अपील की।

संवेदनशील पुल-पुलियों एवं तालाबों का किया निरीक्षण

कलेक्टर एवं एसपी ने बारिश की स्थिति को देखते हुए मणिधारी गार्डन के सामने स्थित पुलिया, दो खंभा क्षेत्र तथा भुजरिया तालाब का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने के निर्देश दिए। इसके बाद मारुति शोरूम होते हुए अधिकारी गोपीकृष्ण सागर बांध पहुंचे।

गोपीकृष्ण सागर बांध के गेट खोले, 164.44 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जाएगा

गोपीकृष्ण सागर बांध पर एसडीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि बांध के जलग्रहण क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण लगातार पानी की आवक बढ़ रही है। बांध का जलस्तर नियंत्रित बनाए रखने के लिए गेट खोले गये।

वर्तमान में गेट क्रमांक-1, 4 एवं 5 बंद हैं, जबकि गेट क्रमांक-2 को 0.50 मीटर और गेट क्रमांक-3 को 1.00 मीटर खोला गया है। इस प्रकार कुल 1.50 मीटर गेट खोलकर गेट क्रमांक-2 एवं 3 से लगभग 164.44 क्यूमेक्स जल निष्कासित किया जा रहा है।

चोपट नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की अपील

बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति को देखते हुए रूठियाई क्षेत्र में चोपट नदी के तट किनारे बसे गांवों के नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। रूठियाई, अजरोड़ा, ब्रसंगपुरा (बुद्धापुरा), दावतपुरा, बालाभेंट, कोटरा एवं भुलाय गांवों के नागरिकों से अपने मवेशियों को चोपन नदी के किनारे से दूर रखने को कहा गया है।

तेज बारिश के दौरान डैम क्षेत्र में प्रवेश पूरी तरह रोकने के निर्देश

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि जब तक तेज बारिश हो रही है, तब तक डैम क्षेत्र में लोगों की आवाजाही एवं बोटिंग बंद रखा जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को डैम के आसपास जाने से रोका जाए और वाहनों की एंट्री भी बंद रखी जाए। आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग एवं गेट लगाकर अनधिकृत प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए। भारी वर्षा की चेतावनी समाप्त होने तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर