ग्वालियरः भव्य “बलराम जयंती महोत्सव” बुधवार को, किसान हित की सौगातों का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री
ग्वालियर, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में बुधवार, 02 सितंबर को मेला मैदान में प्रदेश स्तरीय भव्य “बलराम जयंती महोत्सव” का आयोजन होगा। प्रदेश सरकार द्वारा मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल का शुभारंभ, शून्य प्रतिशत ब्याज योजना के सरलीकरण एवं कृषक कवच योजना का शुभारंभ करेंगे। साथ ही प्रदेश में नवीन पंजीकृत 200 प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं (पैक्स) के कार्यालयों का भी शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी हितेन्द्र सिंह भदौरिया ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि “बलराम जयंती महोत्सव” में मुख्यमंत्री डॉ. यादव पैक्स के नवीन सदस्यों को अंशपूंजी प्रमाण-पत्र, प्रदेश के तीन उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों एवं पाँच उत्कृष्ट पैक्स संस्थाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान करेंगे। साथ ही उत्कृष्ट पैक्स संस्थाओं को चैक भी वितरित करेंगे।
उन्होंने बताया कि गौ संवर्धन, जैविक खेती एवं फलोद्यान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे जिले के तीन किसानों को क्रमशः राजमाता विजयाराजे सिंधिया पुरस्कार, कुशाभाऊ ठाकरे पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण पुरस्कार भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा प्रदान किए जाएंगे। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा किसान हितैषी योजनाओं और कार्यक्रमों पर केन्द्रित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
“बलराम जयंती महोत्सव” में केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रिगण, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया और ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य सांसदगण व विधायकगण शामिल होंगे। इसके अलावा अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव सहित विभिन्न आयोगों एवं प्राधिकरणों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। बड़ी संख्या में ग्वालियर-चंबल अंचल के किसान भी महोत्सव में सहभागी होंगे।
बलराम जयंती महोत्सव के कार्यक्रम मेला मैदान में बनाए गए भव्य मंच पर प्रातः 10.30 बजे से प्रारंभ होंगे। इस अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, कन्हैया लोकगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का महोत्सव में दोपहर 2 बजे के बाद आगमन होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसान हितैषी सौगातों का शुभारंभ और उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित करेंगे। साथ ही बलराम महोत्सव में मौजूद किसानों को संबोधित भी करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर