मप्रः राज्यपाल पटेल ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
वंचितों के साथ खुशियां बांटकर दीपावली मनाएं: राज्यपाल
भोपाल, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों की खुशहाली, सुख और समृद्धि की मंगल कामनाएं की है।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रकाश, खुशियों और सद्भावना के पर्व दीपावली का उत्सव वंचितों को अपनेपन का अनुभव और संबल प्रदान कर मनाएं। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने, पटाखों से बचने तथा वोकल फॉर लोकल के लिए स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों की खरीददारी का भी अनुरोध किया है।
राज्यपाल पटेल ने शनिवार को अपने संदेश में कहा है कि दीपावली पर हम अपने घरों में दीप जलाकर अंधकार दूर करते हैं, वैसे ही हमें किसी जरूरतमंद के जीवन में भी उजाला लाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने अनुरोध किया है कि इस दीपावली समाज के वंचित और जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां बांटने और उनके जीवन में भी दीपावली का उल्लास लाने की पहल करें। अपने सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों को वस्त्र, मिठाई, शिक्षा सामग्री अथवा दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध कराकर वंचितों को अपनेपन का अनुभव और संबल प्रदान करें। सहायता करते समय व्यक्ति की गरिमा, सम्मान, गोपनीयता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, प्रेम और संवेदनशीलता के साथ मदद की जाए। इस पुनीत कार्य में अपने परिजन, बच्चों और युवाओं को भी अवश्य शामिल करें, ताकि उनमें सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी के संस्कार विकसित हों।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर