मप्र के राज्यपाल ने प्रधानमंत्री मोदी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
भोपाल, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि भारत के नवोदय, नवचेतना और नव संकल्प के प्रतीक प्रधानमंत्री मोदी का जन्म दिवस हम सबके लिए गर्व और गौरव का विषय है।
राज्यपाल पटेल ने बुधवार को जारी अपने शुभकामना संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत की सांस्कृतिक, विरासत नागरिक चेतना के अग्रदूत है। उनके दिल की हर धड़कन राष्ट्र प्रथम और जनसेवा के लिए धड़कती है। वह हम सभी भारतवासियों के दिल में बसे है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ आधारित विदेश नीति, सर्जिकल, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिन्दूर की कार्रवाई ने विश्व को भारत की शक्ति से परिचित कराया है। आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इण्डिया, चन्द्रयान, मंगलयान मिशन, केन-बेतवा और चीता पुनर्वास परियोजनाएं भारत की विकास गाथा के गौरवशाली अध्याय है। एक भारत श्रेष्ठ भारत और राम मंदिर निर्माण भारत की सांस्कृतिक, अध्यात्मिक चेतना और अखण्डता का शंखनाद है।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि जनजातीय समुदाय के लिए प्रधानमंत्री जन-मन योजना, धरती आबा उत्कृष्ट ग्राम अभियान, जनजातीय गौरव दिवस और सिकल सेल उन्मूलन अभियान, समाज के अंतिम, वंचित व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुँचाने की पहल और टी.बी. मुक्त भारत बनाने का संकल्प विकसित भारत के निर्माण के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगी। आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और गौरव का केन्द्र होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर