मप्रः राज्यपाल पटेल ने जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय परिजनों के साथ भोजन
- जनजातीय किसान भूपेंद्र के घर ज्वार, बाजरा और मैथी की पारंपरिक भाजी का लिया लुत्फ
भोपाल, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रविवार को जनजातीय गौरव दिवस के विशेष अवसर पर धार जिले की डही नगर से लगे गांव में जनजातीय किसान के घर पर परिजनों के साथ सहभोज किया। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर भी उपस्थित रहीं।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल रविवार को कृषक भूपेंद्र अलावा के विकासखंड डही के ग्राम टिमरिया (स्कूलपुरा) स्थित निवास पर पहुंचे। उनके परिवार के साथ आत्मीय संवाद किया। राज्यपाल पटेल और केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने परिवार के सदस्यों के साथ सादगीपूर्ण माहौल में बड़े चाव से पारंपरिक जनजातीय व्यंजनों का स्वाद लिया।
राज्यपाल की थाली में परोसे गये पारंपरिक व्यंजन
राज्यपाल पटेल को जनजातीय संस्कृति और परंपरा के अनुरूप परोसे गए देसी भोजन में बाजरे और ज्वार की रोटी, मेथी की भाजी (साग), उड़द की दाल और लहसुन-धनिया की पारंपरिक चटनी (ठेचा) शामिल थी।
राज्यपाल ने बच्चों से की आत्मीय मुलाकात
राज्यपाल पटेल ने भोजन के पश्चात कृषक भूपेंद्र आलावा के परिवारजनों और बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों को स्नेह दिया और परिवार के सदस्यों के साथ घर के आंगन में यादगार तस्वीरें भी खिंचवाईं। राज्यपाल की इस सादगी और सहज व्यवहार से परिवार सहित ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया।
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने इस आत्मीय मुलाकात के अवसर पर कहा कि जनजातीय समाज की सादगी, अपनापन और समृद्ध खान-पान की परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत का अनमोल हिस्सा है। हमारी संस्कृति, हमारी विरासत — यही हमारी पहचान, यही हमारा गौरव!
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर