आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का त्यौहार है होली : राज्यपाल पटेल

 




- राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं

भोपाल, 02 मार्च (हि.स.) । मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रंगों के पावन पर्व होली की प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द्र, भाईचारे और सामाजिक समरसता का त्यौहार है।

राज्यपाल पटेल ने सोमवार को अपने संदेश में कहा कि रंगों का त्यौहार होली प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और प्रगति लेकर आए। सभी के जीवन में आनंद और उल्लास का संचार करें। उन्होंने कहा कि होली प्रेम और आत्मीयता से रिश्तों को सुदृढ़ करने का अवसर भी है। यह पर्व हमें भेदभाव, ईर्ष्या और कटुता को त्यागकर सद्भाव, एकता और पारस्परिक सम्मान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि विविधताओं से परिपूर्ण हमारे प्रदेश में होली का उत्सव सामाजिक एकता को और अधिक मजबूत बनाता है।

राज्यपाल पटेल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि सभी नागरिक होली का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित, सौहार्द्रपूर्ण और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाएं। एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए त्यौहार की आत्मीय और गौरवशाली परंपराओं को सशक्त बनाने में योगदान दें।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत