मप्र सरकार ने ईंधन बचत की दिशा में उठाया कदम, वीआईपी काफिलों में घटे वाहन
- खेल मंत्री सारंग ने भी हटाई सुरक्षा गाड़ियां
भोपाल, 13 मई (हि.स.) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन संरक्षण और पेट्रोल-डीजल के संयमित उपयोग की अपील का असर मध्य प्रदेश की सरकार में साफ तौर पर दिखने लगा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लेकर उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने अपने सुरक्षा काफिले (कारकेड) और वाहनों की संख्या में बड़ी कटौती करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के काफिले में पहले 13 वाहन चलते थे, जिसे अब घटाकर मात्र 7 कर दिया गया है। बुधवार को जब मुख्यमंत्री भोपाल से नरसिंहपुर के लिए रवाना हुए, तो उनके कारकेड में सिर्फ सात गाड़ियां ही नजर आईं। मुख्यमंत्री ने यह कदम राष्ट्रहित और अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से उठाया है।
उपमुख्यमंत्री ने भी किया वाहनों की संख्या घटाने का ऐलान
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या न्यूनतम रखने का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि विभागीय भ्रमण, निरीक्षण और सरकारी गतिविधियों में कम से कम वाहनों का उपयोग होगा। अनावश्यक वाहन रैलियों और अतिरिक्त काफिलों से परहेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों को 'कार पूलिंग' (साझा वाहन व्यवस्था) और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य संरक्षण के लिए प्राकृतिक खेती और पर्यावरण सुरक्षा को भी इस मुहिम से जोड़ा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित भोजन का भी सीधा संबंध है। इसी दृष्टि से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना आवश्यक है, जिससे रासायनिक उर्वरकों (जो अधिकांश आयातित होते हैं) का उपयोग कम हो, भूमि और जल की गुणवत्ता सुरक्षित रहे तथा आमजन को स्वास्थ्यकर अन्न उपलब्ध हो। यह जनस्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि विभागीय अधिकारियों से अपेक्षा है कि ऊर्जा संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश को भी जनजागरूकता अभियानों में शामिल करें। ईंधन की बचत, स्वच्छ पर्यावरण और प्राकृतिक कृषि, ये सभी स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र के आधार हैं। राष्ट्रहित सर्वोपरि है। प्रत्येक छोटी बचत, देश की बड़ी शक्ति बनती है।
खेल मंत्री सारंग ने भी हटाई सुरक्षा गाड़ियां
खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने सादगी की मिसाल पेश करते हुए अपने सुरक्षा काफिले से पायलट और फॉलो वाहनों को हटा दिया है। वे अपनी निजी कार में स्टाफ के साथ मंत्रालय पहुंचे। मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह आह्वान देश के नवनिर्माण और आने वाली पीढ़ी को एक विकसित व स्वावलंबी हिंदुस्तान देने के लिए है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी कम से कम पेट्रोल-डीजल उपयोग करने की अपील की है।
मध्य प्रदेश सरकार के इस कदम का मुख्य उद्देश्य सरकारी खर्च में कटौती करना, पर्यावरण को प्रदूषण से बचाना और ईंधन के आयात पर देश की निर्भरता कम करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत