मासूम बच्चों-अव्यक्त और प्रेक्षा के परिजनों के साथ है सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- मुख्यमंत्री से मिले डाक सहायक स्व. उर्मिला सैनी के परिजन, बच्चों की शिक्षा के लिए दी 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
भोपाल, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर की डाक सहायक स्व. उर्मिला सैनी के मासूम बच्चों की स्कूली एवं उच्च शिक्षा की पढ़ाई-लिखाई के लिये पांच लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने मानवीय संवेदना जताते हुए इंदौर में घटित दुघर्टना में मासूम अव्यक्त (उम्र 7 वर्ष) और प्रेक्षा (उम्र 15 वर्ष) के सिर से माँ उर्मिला सैनी का साया उठने के बाद मासूम बच्चों की शिक्षा और देखभाल के लिये आर्थिक सहायता प्रदान की है।
मासूम प्रेक्षा ने नाना सत्यनारायण मालाकार और अन्य परिजनों के साथ सोमवार को विधानसभा स्थित कक्ष में मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे स्वयं को बिल्कुल भी अकेला न समझें। सरकार मासूम बच्चों की शिक्षा के लिये हरसंभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बच्चों के नाम 5 लाख रुपये की एफडी होगी। एफडी की ब्याज की राशि बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में व्यय की जायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर