कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को साकार करने के लिए निरंतर काम कर रही सरकारः मंत्री कृष्णा गौर
- सीहोर में प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने संकल्प से समाधान अभियान के जिला स्तरीय शिविर का किया शुभारंभ
सीहोर, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में देश-प्रदेश की सरकार कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को साकार करने के लिए निरंतर काम कर रही है।
प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर गुरुवार को संकल्प से समाधान अभियान के तहत सीहोर जिला मुख्यालय पर आयोजित जिला स्तरीय शिविर को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हर व्यक्ति की दुख तकलीफ को समझते हुए उसकी समस्या का समाधान कर राहत देने का काम कर रही है और हर पात्र व्यक्ति को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
इससे पहले प्रभारी मंत्री ने सीहोर में आयोजित जिला स्तरीय शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के 25 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित कर लाभान्वित किया। इस अभियान के तहत सीहोर जिले में अभी तक 1,12,950 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें से जिला प्रशासन द्वारा 1,11,340 आवेदन पत्रों का निराकरण कर दिया गया है।
प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि सरकार गरीब, किसान, युवा, महिलाओं सहित सभी के कल्याण और प्रदेश के विकास के लिए सतत कार्य कर रही है। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें राहत दी जाए, इसके लिए संकल्प से समाधान अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। संकल्प के समाधान अभियान इस बात का प्रतीक है की सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं को पहुंचकर लाभान्वित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल विकास और कल्याण के कार्य ही नहीं बल्कि लोगों को सुरक्षित वातावरण देने का भी काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा 02 साल के भीतर नक्सल समस्या को समाप्त कर दिया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश के लिए जो निरंतर प्रयास किए हैं उसके सार्थक परिणाम देखने मिल रहे हैं। उद्योगपतियों का मध्य प्रदेश में उद्योग लगाने की ओर रुझान बड़ा है। इससे न केवल मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है बल्कि यहां के युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध हो रहा है।
कृष्णा गौर ने कहा कि वर्तमान वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। पूरे साल भर किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिले और वह आर्थिक रूप से समृद्ध बने इसके लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। लाड़ली बहन योजना, लाडली लक्ष्मी योजना और अनेकों योजनाएं महिलाओं के लिए कल्याण के लिए चलाई जा रही है। जिनकी सहायता से प्रदेश की महिलाएं स्वावलंबी और आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता का उदाहरण है, जिसके माध्यम से सरकार और जनता के बीच की दूरी को खत्म कर सरकार को लोगों के द्वार तक पहुंचाने का काम किया जा रहा हैं।
उन्होंने कहा कि संकल्प के समाधान अभियान के तहत सीहोर जिले में 1,12,950 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें से जिला प्रशासन द्वारा 1,11,340 आवेदन पत्रों का निराकरण कर दिया गया है। संकल्प से अभियान के तहत जिला प्रशासन की टीम द्वारा जिस गंभीरता से अपने कर्तव्य का निर्वहन किया गया है उसकी मंत्री श्रीमती गौर ने सराहना की। कार्यक्रम के आरंभ में मंत्री कृष्णा गौर ने संकल्प के समाधान अभियान के तहत 19 विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
जिले में अभियान की उल्लेखनीय उपलब्धियाँ - 98.96 प्रतिशत प्रकरणों का निराकरण
जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने बताया कि “संकल्प से समाधान अभियान” का क्रियान्वयन शासन के निर्देशानुसार 12 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का त्वरित लाभ दिलाना है। जिला सीहोर में अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त हुई हैं। अभियान के तहत अभी तक जिले में कुल 52 शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनमें 46 कलस्तर, 05 ब्लॉक और एक जिला स्तरीय शिविर शामिल है। इन शिविरों में शासन की 106 सेवाओं और योजनाओं से नागरिकों को लाभान्वित किया गया। अभियान के तहत जिले में अभी तक 1,12,950 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 1,11,346 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है, जो 98.96 प्रतिशत की उल्लेखनीय उपलब्धि को दर्शाता है। शेष रहे आवेदनो को भी शीघ्र ही निराकृत कर दिया जाएगा।
राज्य में प्रति जिला औसत 81 हज़ार आवेदन के सापेक्ष सीहोर जिले में 37 प्रतिशत अधिक आवेदन एकत्रित किये गये है। इसी प्रकार प्रति जिला औसत निराकरण 80 हज़ार आवेदन के सापेक्ष जिला सीहोर में 38 प्रतिशत अधिक आवेदन निराकृत किये गये है। अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों की 542 ग्राम पंचायतों एवं 158 नगरीय वार्डों को शामिल करते हुए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर