कुकडेश्वर निवासी नेहा माली के साथ होगा पूरा न्याय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 


- नेहा से मिले मुख्यमंत्री, एक लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की

भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कुकडेश्वर निवासी नेहा माली के साथ पूरा न्याय किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को 'इन्स्ट्राग्राम' पर कहा कि नेहा के रिश्तेदारों द्वारा उसके पिता की सम्पत्ति पर अवैध रूप से कब्जा कर लेने और उसे परेशान करने की शिकायत की जांच कर बेटी को उसका वाजिब हक दिलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नेहा माली से भेंटकर उसे ढांढस बंधाया और हर संभव न्याय दिलाने का आश्वासन देकर नेहा को एक लाख रुपये की सहायता दिए जाने की घोषणा की।

उल्लेखनीय है कि बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नीमच जिले के मनासा प्रवास के दौरान कुकडेश्वर निवासी नेहा माली से जुड़ी घटना सामने आई थी। नेहा ने मुख्यमंत्री से भेंट में बताया कि उसके पिता के निधन के बाद उसके और उनकी छोटी बहन के साथ सगे रिश्तेदारों द्वारा प्रताड़ना देकर उनके पैतृक मकान से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस में आवेदन देने के बावजूद उन्हें कोई राहत नहीं मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर