इंदौर में उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस

 


- स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, किसानों को मिले ट्रैक्टर, बुलेट और ई स्कूटी

इंदौर, 01 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस रविवार को इंदौर में उल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

स्थापना दिवस का मुख्य समारोह नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य में राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर सभागृह में आयोजित हुआ। समारोह में विकासात्मक गतिविधियों और विभागीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मध्य प्रदेश में हमारी सरकार के दौरान विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। मध्य प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश में सड़क, शिक्षा, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक रूप से सकारात्मक बदलाव आया है। वर्ष 2003 में प्रदेश की सिंचाई क्षमता लगभग सात लाख हेक्टेयर थी, वहीं आज सिंचाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। प्रदेश में एक लाख किलोमीटर से अधिक अच्छी सड़कों का निर्माण किया गया है। बेहतर सड़क नेटवर्क के कारण आवागमन सुगम हुआ है और विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिंचाई का रकबा बढ़ाकर एक करोड़ हेक्टेयर तक पहुंचाना है, जिससे किसानों की समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से आदिवासी अंचलों में भी सकारात्मक परिवर्तन आया है। पहले जहां वर्षा आधारित खेती के कारण ग्रामीणों को रोजगार की तलाश में पलायन करना पड़ता था , वहीं अब सिंचाई के बेहतर प्रबंध से किसान एक से अधिक फसलें ले पा रहे हैं। नर्मदा जल का उपयोग पेयजल और सिंचाई के लिए गांव-गांव तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है। आज विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना, गणवेश, पुस्तकें और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता उसकी विशेष पहचान है। मालवा, महाकौशल, बुंदेलखंड, बघेलखंड और निमाड़ सहित सभी अंचलों की अपनी विशिष्ट भाषा, संस्कृति और परंपराएं हैं। इन विविधताओं के बावजूद पूरा प्रदेश एकजुट होकर विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के साथ सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को भी संरक्षित और संवर्धित किया जा रहा है। उज्जैन में महाकाल लोक, ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की प्रतिमा तथा मैहर में प्रस्तावित मैहर लोक जैसे कार्य धार्मिक पर्यटन को नई पहचान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर हम सभी संकल्प लें कि मध्यप्रदेश को देश के सर्वश्रेष्ठ और अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम में महापौर परिषद के सदस्य नंदू पहाड़िया, पार्षद प्रशांत बडवे, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

पुरस्कार वितरण

इस अवसर पर ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व विजन-2026’ के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता के लॉटरी से चयनित इंदौर जिले के तीन किसान विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने देपालपुर के किसान जितेंद्र मौर्य को ट्रैक्टर के लिए 7 लाख 26 हजार रुपये, हातोद के किसान गोपाल सिंह चौधरी को 1 लाख 68 हजार रुपये मूल्य की बुलेट मोटरसाइकिल तथा ग्राम नैनोद के किसान शैलेन्द्र सिंह को 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की ई-स्कूटी के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किये। तीनों किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

इसके अलावा कार्यक्रम में कृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अथर्व साहे को एक लाख रुपये का प्रमाण पत्र वितरित किया। स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के प्रमुख शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्य अतिथि कैलाश विजयवर्गीय ने सभागृह में स्थापित बाबा साहब अंबेडकर और लता मंगेशकर की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन भी अर्पित किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर