मप्रः भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश यादव
भोपाल, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश सिंह यादव भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की उपस्थिति में गुरुवार शाम को भोपाल स्थित पार्टी कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व व संगठन की रीति-नीति से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
गौरतलब है कि राकेश सिंह यादव पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस नेतृत्व पर लगातार हमलावर थे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी तथा संगठन प्रभारी हरीश चौधरी पर गंभीर आरोप लगाने के बाद चर्चा में आए थे। उन्होंने कांग्रेस छोड़ने की घोषणा करते हुए दावा किया था कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी संगठन चलाने के योग्य नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि संगठन में मनमाने फैसले लिए जा रहे हैं, असहमति की आवाज को दबाया जा रहा है।
यादव ने आरोप लगाया था कि वीर भूमि न्यास मामले में पार्टी नेतृत्व ने बिना पर्याप्त दस्तावेज और सबूत के भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। जब उन्होंने इन आरोपों के समर्थन में प्रमाण मांगे तो जवाब देने के बजाय उन्हें नोटिस थमा दिया गया। उनका कहना था कि सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व इसे दबाने की कोशिश कर रहा है।
राकेश सिंह यादव ने राहुल गांधी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी में गलत लोगों को बढ़ावा दिया जा रहा है और संगठन सृजन अभियान व संगठनात्मक नियुक्तियों में पारदर्शिता नहीं है। उनका दावा था कि प्रदेश में कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है और यदि संगठनात्मक ढांचे में सुधार नहीं हुआ तो आगामी नगरीय निकाय चुनावों में भी पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर