मप्र में पांच आईएएस और चार आईपीएस अधिकारियों का तबादला, सागर-देवास जिलों के कलेक्टर-एसपी बदले

 


भोपाल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पांच और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के चार अधिकारियों का तबादला करते हुए उनकी नवीन पदस्थपना की है। इस संबंध में मंगलवार को सामान्य प्रशासन और गृह विभाग द्वारा दो अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग ने पांच आईएएस अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत सागर, सिवनी और देवास के कलेक्टरों सहित मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक और मंत्रालय में पदस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सागर और देवास जिले में शराब से हुई मौतों के बाद दोनों जिलों के कलेक्टर-एसपी को हटाया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल को मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम, भोपाल का प्रबंध संचालक बनाया गया है। जबकि, सिवनी कलेक्टर नेहा मीना को देवास का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं, पर्यटन विकास निगम के वर्तमान प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव को सागर कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह को मप्र शासन सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल में उप सचिव बनाया गया है, जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की उप सचिव अंजू अरुण कुमार को सिवनी जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, गृह विभाग के आदेश के अनुसार, राज्य पुलिस सेवा के चार अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। आदेश के मुताबिक, अनुराग सुजानिया, जो सागर जिले के पुलिस अधीक्षक थे, उन्हें पुलिस मुख्यालय, भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। सजीव कुमार सिन्हा, जो ग्वालियर में सेनानी, 14वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल के पद पर पदस्थ थे, उन्हें सागर जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। देवास जिले के पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत को पुलिस मुख्यालय, भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बालाघाट जिले के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा को देवास जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर