मप्र में ओंकारेश्वर में एकात्म धाम में पंच दिवसीय आचार्य शंकर प्रकटोत्सव का हुआ शुभारम्भ
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव और जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने प्रकटोत्सव का मंत्रोच्चार के साथ किया शुभारम्भ
इंदौर, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को द्वारका शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज के साथ ओंकारेश्वर में आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास और मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा आदि गुरु शंकराचार्य के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित पंच दिवसीय आचार्य शंकाराचार्य के प्रकटोत्सव 'एकात्म पर्व' का दीप प्रज्ववलित कर शुभारम्भ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और द्वारका पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती के पावन सान्निध्य में आयोजित इस समारोह में विवेकानंद केंद्र की उपाध्यक्ष पद्मश्री निवेदिता भिड़े, स्वामी शारदानंद सरस्वती मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अद्वैत लोक एवं अक्षर ब्रह्म प्रदर्शनी का लोकार्पण किया। साथ ही वैदिक अनुष्ठान में भी सम्मिलित हुए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मार्गदर्शन में एकात्म धाम के द्वितीय चरण में आचार्य शंकर के जीवन और दर्शन पर केंद्रित अद्वैत लोक संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मई 2025 में आयोजित कैबिनेट में ‘अद्वैत लोक’ संग्रहालय के निर्माण हेतु 2195 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
अद्वैतामृतम् - विमर्श सभा में विभिन्न विषयों पर संवाद जारी
इस सत्र के अंतर्गत अद्वैत वेदांत की समकालीन परंपराओं पर विस्तृत व सार्थक संवाद प्रारम्भ हुआ। इसमें 17 अप्रैल को अद्वैत एवं जेन-Z जैसे महत्वपूर्ण एवं समसामयिक विषय पर स्वामी स्वात्मानंद सरस्वती, स्वामिनी ब्रह्मप्रज्ञानंद सरस्वती, सतावधानी ललितादित्य और विशाल चौरसिया युवाओं के नजरिए से अद्वैत की व्याख्या करेंगे। उड़िया बाबा पर माँ पूर्णप्रज्ञा, स्वामी प्रणवानंद सरस्वती और आचार्य मिथिलेशनन्दिनी शरण (अयोध्या) इस परंपरा के दार्शनिक पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर