मप्र: उच्च शिक्षा में प्रवेश का अंतिम अवसर, 31 जुलाई अंतिम तिथि

 


भोपाल, 29 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। प्रदेश के शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए 31 जुलाई 2026 अंतिम तिथि निर्धारित है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश तिथि बढ़ाए जाने की कोई संभावना नहीं है, इसलिए जिन विद्यार्थियों ने अभी तक प्रवेश नहीं लिया है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी प्रवेश प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लें।

जनसंपर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने बुधवार को बताया कि प्रदेश में उच्च शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों का उत्साह निरंतर बना हुआ है। अब तक विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर एवं एनसीटीई पाठ्यक्रमों में लगभग 5 लाख विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त कर लिया है। इनमें कला संकाय विद्यार्थियों की पहली पसंद बना हुआ है, जहाँ 2,26,090 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। विज्ञान संकाय में 1,32,127, वाणिज्य संकाय में 64,704, विधि संकाय में 21,130 तथा एनसीटीई पाठ्यक्रमों में 46,566 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त किया है। उल्लेखनीय है कि विधि संकाय में पिछले शैक्षणिक सत्र की तुलना में प्रवेश संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है, जो विद्यार्थियों के बीच विधि शिक्षा के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के अनेक शासकीय महाविद्यालयों में लोकप्रिय पाठ्यक्रमों की अधिकांश सीटें भर चुकी हैं और अंतिम दिनों में भी प्रवेश प्रक्रिया तेज़ी से जारी है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सभी महाविद्यालयों में प्रवेश सहायता केन्द्र एवं हेल्पडेस्क सक्रिय हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अंतिम समय तक प्रतीक्षा न करें और 31 जुलाई से पहले ही अपनी पसंद के महाविद्यालय एवं पाठ्यक्रम में प्रवेश सुनिश्चित कर लें। निर्धारित तिथि के बाद प्रवेश का अवसर उपलब्ध नहीं होगा, इसलिए यह उच्च शिक्षा से जुड़ने का अंतिम अवसर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत