मप्र में उर्वरक उपलब्धता पर्याप्त, स्टॉक के मिलान व अवकाश के चलते 16 अगस्त तक बंद रहेगा विक्रय
- 20 अगस्त से शुरू होगा हर किसान हर घर, हर खेत खाद अभियान
भोपाल, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसानों को सुगमता से उर्वरक वितरण को ध्यान में रखकर भारत सरकार के आईएफएमएस पोर्टल एवं प्रदेश के उर्वरक विक्रेता (रिटेलर) के स्टॉक का मिलान करने के लिए 14 अगस्त की शाम 7.00 बजे से उर्वरक विक्रय 15 एवं 16 अगस्त को अवकाश के दिनों मे बंद किया गया हैं।
कृषि विभाग द्वारा शनिवार को जानकारी दी गई कि उर्वरक के मिलान का कार्य तेजी से किया जा रहा हैं, जो 16 अगस्त की शाम तक पूरा हो जाएगा तथा सोमवार 17 अगस्त से खाद का वितरण प्रारंभ हो जाएगा, किसानों को असुविधा नहीं होगी, आगामी 17 अगस्त से जितनी खाद चाहिए उतनी मिल सकेगी। साथ ही आगामी 20 अगस्त से हर किसान हर घर, हर खेत खाद अभियान भी प्रारम्भ हो रहा है, जिससे रबी की खाद इसी माह से किसानों को मिलना प्रारम्भ हो जाएगी।
कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े ने बताया कि प्रदेश में रासायनिक उर्वरको का पर्याप्त भंडारण है, एक अप्रैल से अभी तक यूरिया की कुल उपलब्धता 17.04 लाख मीट्रिक टन थी, जिसमें से 12.83 लाख मीट्रिक टन यूरिया का उठाव किसानों द्वारा किया गया हैं, वर्तमान में 4.21 लाख मीट्रिक टन की उपलब्धता हैं, जबकि विगत वर्ष इसी समय यूरिया की उपलब्धता 1.60 लाख मीट्रिक टन थी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक अप्रैल से अभी तक डीएपी एवं एनपीके की कुल उपलब्धता 11.20 लाख मीट्रिक टन थी, जिसमें से 7.09 लाख मीट्रिक टन का उठाव किसानों द्वारा किया गया हैं, वर्तमान में 4.10 लाख मीट्रिक टन की उपलब्धता हैं, जबकि विगत वर्ष इसी समय डीएपी + एनपीके की उपलब्धता 3.00 लाख मीट्रिक टन थी।
प्रदेश में एक अप्रैल से अभी तक एसएसपी की कुल उपलब्धता 6.78 लाख मीट्रिक टन थी, जिसमें से 3.61 लाख मीट्रिक टन का उठाव किसानों द्वारा किया गया हैं, वर्तमान में 3.17 लाख मीट्रिक टन एसएसपी की उपलब्धता हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर