भोपाल में महिला पत्रकार को दफ्तर जाते समय डंपर ने कुचला, मौके पर मौत

 


भोपाल, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भदभदा चौराहे पर रविवार को एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला पत्रकार की जान चली गई। दूसरे बाइक सवार के अचानक कट मारने से रैपिडो बाइक का संतुलन बिगड़ा और पीछे बैठी पत्रकार सपना कुमारी सड़क पर जा गिरीं। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, सपना रविवार सुबह करीब 11 बजे रैपिडो बाइक से एक निजी न्यूज चैनल के कार्यालय जा रही थीं। भदभदा चौराहे के पास एक अन्य बाइक सवार ने रैपिडो चालक के सामने अचानक कट मार दिया। इससे चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और सपना सड़क पर गिर पड़ीं। तभी पीछे से गुजर रहे डंपर की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।

सपना कुमारी मूल रूप से बिहार की निवासी थीं और भोपाल के एक निजी न्यूज चैनल में प्रशिक्षु पत्रकार के रूप में काम कर रही थीं। हादसे की सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद बाइक सवार और डंपर चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की पहचान और तलाश में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे में शामिल वाहनों और उनके चालकों का पता लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर